Advertisement

Must-Try Fasting Dishes: सिर्फ 15 मिनट में बनाएं व्रत की 5 टेस्टी डिश, स्वाद भी मिलेगा और पेट भी रहेगा भरा

Must-Try Fasting Dishes: सावन के व्रत में अक्सर लोग यही सोचते हैं कि फलाहार में रोज क्या नया बनाया जाए. अगर हर बार साबूदाना या फल खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ अलग ट्राई करें.

Falahari Recipes
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 30 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:56 PM IST
  • सिर्फ 15 मिनट में बनाएं 5 टेस्टी फलाहारी रेसिपी
  • स्वाद भी मिलेगा और लंबे समय तक रहेगा पेट भरा

सावन के व्रत में हर दिन एक जैसा फलाहार खाने से कई लोगों को बोरियत होने लगती है. ऐसे में अगर कम समय में कुछ स्वादिष्ट, हेल्दी और पेट भरने वाला बनाया जाए, तो व्रत भी आसान हो जाता है.

व्रत के दौरान ऐसी चीजें खाना बेहतर होता है जो लंबे समय तक पेट भरा रखें और शरीर में ऊर्जा बनाए रखें. मखाना, दही, मूंगफली, कुट्टू और फल जैसे फलाहारी फूड्स न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि इन्हें खाने के बाद बार-बार भूख भी नहीं लगती. अगर आपके पास ज्यादा समय नहीं है, तो ये 5 फलाहारी रेसिपी सिर्फ 15 मिनट से भी कम समय में बन जाती है.

1. फलाहारी आलू टिक्की
3 उबले आलू, 2 बड़े चम्मच सिंघाड़े या कुट्टू का आटा, 2 हरी मिर्च बारीक कटी, हरा धनिया, सेंधा नमक, काली मिर्च, घी.

बनाने की विधि
उबले आलू को अच्छी तरह मैश कर लें. इसमें कुट्टू या सिंघाड़े का आटा, हरी मिर्च, हरा धनिया, सेंधा नमक और काली मिर्च मिलाकर मिश्रण तैयार करें. इसकी छोटी-छोटी टिक्की बनाएं. नॉन-स्टिक तवे पर थोड़ा घी डालकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें. इसे दही या फलाहारी हरी चटनी के साथ परोसें.

2. साबूदाना खिचड़ी
1 कप भीगा हुआ साबूदाना, 2 उबले आलू, ½ कप भुनी मूंगफली, 1 हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच जीरा, सेंधा नमक, घी, हरा धनिया और नींबू.

बनाने की विधि
कड़ाही में घी गर्म करके जीरा और हरी मिर्च का तड़का लगाएं. इसमें कटे हुए उबले आलू डालकर 2 मिनट भूनें. अब भीगा हुआ साबूदाना और दरदरी पिसी मूंगफली डालकर हल्के हाथ से मिलाएं. सेंधा नमक डालें और 3-4 मिनट तक पकाएं. आखिर में नींबू का रस और हरा धनिया डालकर गर्मागर्म परोसें.

3. कुट्टू की पकौड़ी
1 कप कुट्टू का आटा, 2 उबले आलू, 1 हरी मिर्च, हरा धनिया, सेंधा नमक, काली मिर्च, तलने के लिए घी या व्रत में इस्तेमाल होने वाला तेल.

बनाने की विधि
उबले आलू को मैश करके उसमें कुट्टू का आटा, हरी मिर्च, हरा धनिया, सेंधा नमक और थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें. कड़ाही में घी या तेल गर्म करें और मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से डालकर सुनहरा होने तक तलें. इन्हें दही या फलाहारी चटनी के साथ खाएं.

4. फलाहारी आलू फ्राई
3 उबले आलू, 1 बड़ा चम्मच घी, सेंधा नमक, काली मिर्च, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च, हरा धनिया.

बनाने की विधि
उबले आलू को मोटे टुकड़ों में काट लें. पैन में घी गर्म करके आलू डालें और धीमी आंच पर सुनहरा होने तक सेंकें. अब सेंधा नमक, काली मिर्च और भुना जीरा डालकर अच्छी तरह मिलाएं. ऊपर से हरा धनिया डालकर गरमा-गरम सर्व करें.

5. शकरकंद चाट
2 उबली शकरकंद, सेंधा नमक, काली मिर्च, भुना जीरा पाउडर, नींबू का रस, हरा धनिया और अनार के दाने.

बनाने की विधि
उबली हुई शकरकंद को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसमें सेंधा नमक, काली मिर्च, भुना जीरा और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं. ऊपर से हरा धनिया और चाहें तो अनार के दाने डालकर तुरंत परोसें. यह हल्की, स्वादिष्ट और पोषण से भरपूर फलाहारी डिश है.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement