गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखने के लिए लोग कोल्ड ड्रिंक्स या बाकी शुगरी ड्रिंक्स का सहारा लेते हैं. बाजार में मिलने वाले कोल्ड ड्रिंक्स भले ही तुरंत राहत दें, लेकिन इनमें मौजूद शुगर और केमिकल्स सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. ऐसे में घर पर बने नेचुरल कूलिंग ड्रिंक्स न सिर्फ शरीर को ठंडक देते हैं, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं. यहां हम आपको बता रहे हैं 5 ऐसे आसान ड्रिंक्स, जिन्हें आप घर पर ही बना सकते हैं.
1. आम पन्ना- लू से बचाने वाला देसी ड्रिंक
कच्चे आम से बना आम पन्ना गर्मी का सबसे लोकप्रिय ड्रिंक है. यह शरीर को ठंडा रखने के साथ लू से भी बचाता है. ये इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखता है और शरीर को तुरंत ठंडक देता है.
कैसे बनाएं: कच्चे आम को उबालकर उसका गूदा निकाल लें. इसमें काला नमक, भुना जीरा और थोड़ा गुड़ या चीनी मिलाएं. ठंडा पानी और बर्फ डालकर सर्व करें.
2. पुदीना शरबत- ताजगी से भरपूर
पुदीना अपने कूलिंग गुणों के लिए जाना जाता है. यह पेट को ठंडा रखने के साथ पाचन में भी मदद करता है. यह शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ ताजगी और एनर्जी देता है.
कैसे बनाएं: पुदीना पत्ते, नींबू रस, चीनी और ठंडा पानी मिलाकर ब्लेंड करें. इसमें जीरा पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं. अब इस मिक्सचर को पानी में मिला दें.
3. धनिया पानी- डिटॉक्स और कूलिंग का कॉम्बिनेशन
धनिया का पानी शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करता है और पाचन के लिए भी फायदेमंद है. शरीर से टॉक्सिन बाहर निकालने में मदद करता है और पेट को हल्का रखता है.
कैसे बनाएं: साबुत धनिया रातभर पानी में भिगोकर सुबह उबालें, छानकर ठंडा करके पिएं.
4. सत्तू ड्रिंक: देसी एनर्जी बूस्टर
सत्तू का शरबत बिहार और यूपी में गर्मियों के मौसम में खूब पी जाती है. यह शरीर को ठंडा रखने के साथ ताकत भी देता है. यह लंबे समय तक एनर्जी देता है और डिहाइड्रेशन से बचाता है.
कैसे बनाएं: सत्तू में पानी, नमक, जीरा और नींबू मिलाकर घोल तैयार करें, फिर इसमें बर्फ मिलाकर सर्व करें.
5. नारियल पानी और नींबू ड्रिंक
नारियल पानी शरीर के लिए सबसे नेचुरल हाइड्रेटिंग ड्रिंक है. इसमें नींबू मिलाकर इसका स्वाद और फायदा दोनों बढ़ जाता है. शरीर में पानी और मिनरल्स की कमी पूरी करता है.
कैसे बनाएं: ताजे नारियल पानी में थोड़ा नींबू रस और शहद मिलाएं.
बाजार के ड्रिंक्स से क्यों बेहतर हैं ये विकल्प
इन सभी नेचुरल ड्रिंक्स में किसी तरह के केमिकल या आर्टिफिशियल फ्लेवर नहीं होते. ये शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ पाचन, ऊर्जा और इम्यूनिटी को भी बेहतर बनाते हैं.