फाइव स्टार होटल में उड़ाई दावत, 41 हजार का आया बिल, फिर 4 दोस्तों ने की गजब की चालाकी

ताज नगरी आगरा में 4 दोस्तों ने 5 स्टार होटल में जमकर दावत उड़ाई. लेकिन बिल देने का वक्त आया तो चारों धीरे से फरार हो गए. जब इसकी भनकी वेटर को लगी तो सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया. फुटेज में चारों दोस्त भागते हुए दिखाए दिए. अब मामला पुलिस के पास है, लेकिन अभी भी चारों पकड़ से बाहर हैं.

Agra News
gnttv.com
  • आगरा,
  • 02 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:10 PM IST

उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल के साए में बसे लग्जरी होटल द ओबरॉय अमरविलास में 4 युवकों ने ऐसा खेल खेला कि होटल प्रबंधन भी हैरान रह गया. ऑनलाइन डिनर बुकिंग कराकर पहुंचे चार दोस्तों ने पहले शाही अंदाज में जमकर दावत उड़ाई और फिर 41 हजार 477 रुपये का बिल चुकाए बिना ही फरार हो गए.

5 स्टार होटल में 4 दोस्तों ने उड़ाई दावत-
मामला 7 मई की रात का है. बताया गया है कि ग्वालियर निवासी बताने वाले असद खान ने होटल के रेस्तरां 'बेलेव्यू' में चार लोगों के लिए टेबल बुक कराई थी. रात करीब पौने दस बजे चारों युवक ग्वालियर नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार से होटल पहुंचे और महंगे व्यंजनों का आनंद लिया.

बिल चुकाने की बारी आई तो फरार हो गए-
जब बिल चुकाने की बारी आई तो तीन युवक धीरे-धीरे रेस्तरां से निकलकर पार्किंग की ओर चले गए और पैदल ही होटल परिसर से बाहर हो गए. चौथा युवक असद खान टेबल पर बैठा रहा, जिससे किसी को शक नहीं हुआ. लेकिन कुछ देर बाद वह भी सिगरेट पीने का बहाना बनाकर बाहर निकला और पार्किंग से अपनी कार लेकर फरार हो गया.

CCTV से सच आया सामने-
काफी देर तक जब कोई वापस नहीं लौटा तो होटल स्टाफ को शक हुआ. सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो पूरा खेल सामने आ गया. होटल प्रबंधन ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बुकिंग के दौरान दिया गया मोबाइल नंबर बंद मिला.

करीब 24 दिन तक अपने स्तर पर जांच-पड़ताल करने के बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. ताज सुरक्षा थाना पुलिस ने असद खान और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है.

कब पकड़े जाएंगे चारों शातिर दोस्त-
जांच में सामने आया है कि जिस स्विफ्ट डिजायर कार से आरोपी आए थे, उसका पंजीकरण ग्वालियर निवासी मालती नामक महिला के नाम पर है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वाहन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

एक तरफ फाइव स्टार होटल की शानो-शौकत, दूसरी तरफ चार युवकों की ऐसी चालाकी... जिसने होटल प्रबंधन को भी हैरान कर दिया. अब देखना होगा कि पुलिस इन शातिर मेहमानों तक कब पहुंच पाती है.

(नितिन उपाध्याय की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED