Advertisement

बड़ा आदमी बनकर लौटेंगे! इंस्टाग्राम रील देखकर घर से भागे 3 नाबालिग

यूपी के आगरा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तीन बच्चे अचानक लापता हो गए. फौरन पुलिस एक्टिव हुई और तीनों बच्चों को बरामद कर लिया. जब पूछताछ हुई तो पता चला कि इंस्टाग्राम रील देखकर तीनों बच्चों ने अमीर इंसान बनने का सपना देखा था. बड़ा आदमी बनकर घर लौटना चाहते थे.

Agra News
नितिन उपाध्याय
  • आगरा,
  • 20 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:30 AM IST

उत्तर प्रदेश के आगरा में सोशल मीडिया पर रील देखने के बाद तीन नाबालिग बच्चों ने ऐसा कदम उठाया, जिसने उनके परिवारों की नींद उड़ा दी. तीनों बच्चे बड़ा और अमीर आदमी बनने का सपना लेकर घर छोड़कर निकल गए. बच्चों की प्लानिंग थी कि जब अमीर बन जाएंगे, तभी घर वापस लौटेंगे. लेकिन जब तीनों बच्चे अचानक लापता हुए, तो परिवारों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने तीनों बच्चों की तलाश में 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले और महज 24 घंटे के भीतर तीनों को सकुशल बरामद कर लिया. बच्चों के वापस लौटने पर परिवारों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया.

घर से भागे तीन नाबालिग-
मामला आगरा के थाना लोहामंडी क्षेत्र का है। बीते 17 अक्टूबर को इलाके में रहने वाले तीन नाबालिग बच्चे अचानक घर से लापता हो गए. तीनों पड़ोसी होने के साथ-साथ अच्छे दोस्त भी थे. काफी तलाश के बाद जब बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और गुमशुदगी दर्ज कराई.

तीन बच्चों के एक साथ लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई. बच्चों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की गईं. पुलिस ने इलाके के अलग-अलग रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. इस दौरान 200 से ज्यादा कैमरों की जांच की गई. आखिरकार पुलिस को राजा मंडी के पास स्थित चामुंडा मंदिर से तीनों बच्चे सकुशल मिल गए.

बनना चाहते थे अमीर आदमी-
बच्चों से पूछताछ हुई, तो उनके घर छोड़ने की वजह जानकर पुलिस भी हैरान रह गई. तीनों ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रील देखने के बाद उनके मन में बड़ा और अमीर आदमी बनने का विचार आया. इसके बाद तीनों ने घर छोड़ने की योजना बनाई. उनका इरादा था कि पहले बड़ा आदमी बनेंगे, खूब पैसा कमाएंगे और फिर घर लौटेंगे.

लेकिन बच्चों के इस फैसले ने उनके परिवारों को चिंता में डाल दिया. रात तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों की बेचैनी बढ़ती गई. दूसरी तरफ पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी रही. आखिरकार पुलिस की सक्रियता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया.

घरवालों ने ली राहत की सांस-
अपने बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिवारों के चेहरे पर खुशी लौट आई. जिन परिवारों के लिए बीते घंटे बेहद मुश्किल भरे थे, उन्होंने बच्चों के मिलने पर राहत की सांस ली। परिजन पुलिस का धन्यवाद करते नजर आए. फिलहाल तीनों बच्चे सुरक्षित अपने परिवारों के पास हैं. यह घटना सोशल मीडिया पर दिखने वाली चमक-दमक और उससे प्रभावित होकर बच्चों के गलत फैसले लेने की ओर भी ध्यान खींचती है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement