Advertisement

पत्नी का इलाज कराने आए युवक को डॉक्टर ने जड़ा थप्पड़...गुस्से में पीपल के पेड़ पर चढ़ा, 2 डॉक्टर APO हुए तभी नीचे उतरा

युवक के पेड़ पर चढ़ने और फंदा लगाने की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अस्पताल में मौजूद लोगों के साथ आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में जमा हो गए. देखते ही देखते अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया.

Youth Climbs Tree After Being Slapped by Doctor
हिमांशु शर्मा
  • अलवर,
  • 25 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 3:17 PM IST

राजस्थान के अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र के गढ़ीसवाईराम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में सोमवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक डॉक्टर पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाकर अस्पताल के पास पीपल के पेड़ पर चढ़ गया. युवक करीब आठ घंटे तक रस्सी का फंदा लगाकर पेड़ की डाल पर बैठा रहा. वह अपनी पत्नी का इलाज कराने अस्पताल पहुंचा था.

चूंदाला गांव निवासी उम्मेदीलाल उर्फ पुजारी अपनी पत्नी को इलाज के लिए गढ़ीसवाईराम CHC लेकर आया था. इसी दौरान वार्ड में मौजूद एक डॉक्टर से उसका विवाद हो गया. युवक का आरोप है कि डॉक्टर ने उसे थप्पड़ मार दिया. इससे वह काफी आहत हुआ और अस्पताल परिसर के पास स्थित पीपल के पेड़ पर चढ़ गया.

फंदा लेकर डाल पर बैठा मौके पर जुटी भीड़
युवक के पेड़ पर चढ़ने और फंदा लगाने की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अस्पताल में मौजूद लोगों के साथ आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में जमा हो गए. देखते ही देखते अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश की. अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है.

डॉक्टरों को हटाने का आश्वासन दिया
मामला बढ़ता देख प्रशासन ने युवक को आश्वासन दिया कि उसके खिलाफ पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं किया जाएगा. साथ ही संबंधित डॉक्टरों को अस्पताल से हटाने की कार्रवाई का भरोसा दिया गया. इसके बाद CHC गढ़ीसवाईराम में तैनात दो चिकित्सकों डॉ. रमेश मीणा और डॉ. कुसुम मीणा को APO कर दिया गया. दोनों को CMHO अलवर कार्यालय में उपस्थिति देने के निर्देश जारी किए गए.

2 डॉक्टर APO हुए तो पेड़ से नीचे उतरा
दो चिकित्सकों के APO का आदेश जारी होने के बाद करीब आठ घंटे से पेड़ पर बैठे उम्मेदीलाल उर्फ पुजारी नीचे उतर आया. युवक के नीचे आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली. घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग अस्पताल परिसर में मौजूद रहे. पूरे दिन इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा. वहीं, घटना के बाद CHC परिसर में भी तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. प्रशासन ने मामले को शांत कराया और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement