कुछ दिन पहले अरुणाचल प्रदेश की एक छोटी बच्ची का मासूम सवाल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. बच्ची की शिकायत थी कि लोग उसे उसकी शक्ल देखकर 'चाइनीज' कहते हैं. जबकि वो है तो भारतीय. बच्ची ने जिस तरह अपनी बात रखी, उसने देशभर में लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया था. अब उसी बच्ची का एक नया वीडियो सामने आया है, लेकिन इस बार उसकी बात में शिकायत नहीं, बल्कि खुशी है. बच्ची अपनी मां से उत्साह के साथ कहती है- 'मम्मी, अब हम इंडियन हो गए.' उसकी मासूम खुशी ने इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया है.
पहले 'चीनी' कहे जाने की बात से चर्चा में आई थी बच्ची
कुछ दिन पहले बच्ची का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसमें वह अपनी मां को बता रही थी कि कुछ लोग उसे 'चीनी' कहकर बुलाते हैं. बच्ची के लिए यह अनुभव शायद उतना ही उलझन भरा था, जितना देखने वालों के लिए भावुक करने वाला. उस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर नस्लीय पहचान, पूर्वोत्तर के लोगों के साथ होने वाले भेदभाव और भारतीय होने की भावना को लेकर खूब चर्चा हुई. बड़ी संख्या में लोगों ने बच्ची के सपोर्ट में पोस्ट किए थे.
अब बच्ची को सोशल मीडिया पर मिल रहा है प्यार
अब सामने आए नए वीडियो में बच्ची अपनी मां से सोशल मीडिया पर मिल रहे प्यार के बारे में बात करती नजर आ रही है. वह उत्साह से बताती है कि फेसबुक पर लोग उसे इंडिया और इंडिया का बेबी कह रहे हैं. मां जब उससे पूछती हैं कि उसने क्या कहा, तो बच्ची फिर मासूमियत से दोहराती है- 'अब हम इंडियन हो गए.' मां उसे बताती हैं कि फेसबुक पर लोग उसे 'इंडिया का बेबी' कह रहे हैं. इस पर बच्ची खुशी से हामी भरते हुए कहती है- 'ये ही, ये ही.'
मां ने कहा- सपोर्ट करने वालों को थैंक्यू बोलो
वीडियो के आखिर में बच्ची की मां उससे उन लोगों को धन्यवाद कहने के लिए कहती हैं, जो उसे और उसके परिवार को सोशल मीडिया पर प्यार दे रहे हैं.
इसके बाद बच्ची बड़ी खुशी से कहती है- थैंक्यू, थैंक्यू भाई साहब, सबको. वह आगे कहती है कि जो लोग उसे लाइक कर रहे हैं और उसके मम्मी-पापा व परिवार को लाइक कर रहे हैं, वह भी उन्हें प्यार देगी. बच्ची की यह बात लोगों को खूब पसंद आ रही है.
आप हमेशा से इंडियन हो बच्ची
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स बच्ची के लिए प्यार भरे कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'आप हमेशा से इंडिया हो बच्चे.' दूसरे ने कहा, 'अब पूरा देश जानता है कि तुम इंडियन हो.' एक अन्य यूजर ने बच्ची को 'क्यूट और इनोसेंट' बताते हुए उसके लिए प्यार जताया. कई लोगों ने यह भी कहा कि पूर्वोत्तर भारत के लोगों की भाषा, संस्कृति और पहनावे में भले ही विविधता हो, लेकिन उनकी भारतीय पहचान पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता.
ये भी पढ़ें: