यूपी के बाराबंकी में रामलीला में रावण का किरदार हो और चर्चा किसी पुलिस अधिकारी की होने लगे, तो मामला दिलचस्प हो जाता है. बाराबंकी के दशहराबाग स्थित रामलीला मैदान में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां रावण के पुतले और उसके कुनबे के बीच शहर कोतवाल सुधीर सिंह की लंबी-चौड़ी मूंछें आकर्षण का केंद्र बन गईं. आलम यह रहा कि लोग रावण के परिवार के कलाकारों के साथ-साथ कोतवाल साहब की मूंछों की भी चर्चा करते नजर आए.
कोतवाल की मूंछों ने भी बटोरी सुर्खियां
दरअसल, दशहरे पर रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे शहर कोतवाल सुधीर सिंह अपनी शानदार मूंछों के चलते लोगों के बीच चर्चा में आ गए. रावण के भाइयों का किरदार निभाने वाले कलाकार भी उनके साथ सेल्फी लेने से खुद को नहीं रोक सके. इस दौरान कोतवाल साहब भी अपने अंदाज में नजर आए. अब रामलीला मैदान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग मूंछों को लेकर दिलचस्प प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
अभिनंदन की बहादुरी से प्रेरित होकर रखीं मूंछें
अपनी मूंछों को लेकर चर्चा में आए इंस्पेक्टर सुधीर सिंह से जब इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि दशहरे की ड्यूटी के दौरान रावण के किरदार निभाने वाले कलाकार उनके पास आए थे. इसी दौरान बातचीत हुई और किसी ने वीडियो बना लिया. मूंछें रखने की वजह बताते हुए सुधीर सिंह ने कहा कि वह भारतीय वायु सेना के वीर अधिकारी विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के साहस और बहादुरी से प्रेरित हुए थे. उन्होंने बताया कि उनके पूर्व डीजीपी साहब की भी इसी तरह की मूंछें थीं.
सुधीर सिंह की मूंछों का अंदाज लोगों को खूब भा रहा
गौरतलब है कि फरवरी 2019 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के दौरान विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान का मिग-21 विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर पाकिस्तान के क्षेत्र में गिर गया था. इसके बाद उन्हें पाकिस्तान में हिरासत में लिया गया और एक मार्च 2019 को भारत वापस लौटे. उनकी विशिष्ट मूंछें भी उस समय खूब चर्चा में रही थीं. फिलहाल, बाराबंकी की रामलीला में रावण के कुनबे के बीच शहर कोतवाल सुधीर सिंह की मूंछों का अंदाज लोगों को खूब भा रहा है. यही वजह है कि रामलीला मैदान का यह दिलचस्प पल अब सोशल मीडिया पर भी सुर्खियां बटोर रहा है.
ये भी पढ़ें: