राजस्थान के बाड़मेर जिले में अचानक जमीन फटने से क्रूड ऑयल निकलने लगा. काउखेड़ा गांव में एक किसान के खेत से पिछले करीब 40 घंटों से लगातार क्रूड ऑयल रिस रहा है. किसान अपनी जमीन को लेकर परेशान है.
तेल को टैंकरों में भरकर ले जाने लगे
ग्रामीणों के अनुसार, खेत में अचानक दरार आई और वहां से तेल जैसा काला तरल निकलने लगा. सूचना पर कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और गड्ढा खोदकर देसी जुगाड़ से तेल को टैंकरों में भरकर ले जाने लगे. हालांकि कंपनी के कर्मचारियों का कहना है कि रिसाव कहां से हो रहा है, इसकी जांच की जा रही है और जल्द समाधान निकाल लिया जाएगा.
किसान का आरोप- जमीन बंजर हो जाएगी
खेत मालिक हरजीराम ने बताया कि तीन दिन से यही हाल है. लगातार खेत से क्रूड ऑयल निकल रहा है. कंपनी को भी नहीं पता लीकेज कहां से है. अगर यही चलता रहा तो जमीन पूरी तरह बंजर हो जाएगी.
हरजीराम के मुताबिक, उन्होंने अपनी ज्यादातर जमीन कंपनी को दे दी थी और थोड़ी खेती के लिए बचाई थी. पिछले साल इसी खेत से 50 बोरी बाजरा हुआ था, लेकिन अब तेल निकलने से फसल की उम्मीद खत्म हो गई है.
पानी में भी मिल रहा क्रूड ऑयल
ग्रामीणों का आरोप है कि ऑयल फील्ड के आसपास ट्यूबवेल के पानी में भी तेल की मिलावट दिख रही है. इससे लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं. गांव वालों का कहना है कि रात में कंपनी द्वारा प्रेशर बनाने के लिए ब्लास्ट किए जाते हैं, जिससे घरों में दरारें पड़ रही हैं.
हरजीराम ने बताया, 'धमाकों से ऐसा लगता है जैसे भूकंप आ गया हो. 50 साल की उम्र तक तीन मकान बना चुका हूं. हर बार दरारें आ जाती हैं. अब तो लोग घर में सोने से भी डरने लगे हैं.'
कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 23 फरवरी 2026 को ऐश्वर्या वेलपैड-08 के पास सीमित क्षेत्र में तरल पदार्थ का रिसाव हुआ था. जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल कदम उठाए गए हैं. टेक्निकल और ऑपरेशनल टीमें रिसाव के कारणों की जांच कर रही हैं और प्रभावित क्षेत्र से तरल निकासी का काम शुरू कर दिया गया है.
रिपोर्ट- दिनेश बोहरा