गर्मी की शुरुआत होते ही हर कोई एसी और कूलर के पीछे भागने लगता है. वहीं इस बार लू का प्रकोप मार्च से ही शुरू हो गया. दिल्ली में अभी से पारा 40 के पार पहुंचने को तैयार है और तेज धूप ने सभी को परेशान करके रखा हुआ है. वहीं मौसम विभाग ने भी भविष्यवाणी की है कि इस साल गर्मी ज्यादा लंबी चलने वाली है. आपने महसूस किया होगा कि भयंकर गर्मी में आपका एसी तो फिर भी काम करता है लेकिन कूलर की हवा जरूर गर्म लगने लग जाती है.वहीं जिन लोगों के पास एसी कूलर खरीदने के लिए भी पैसे नहीं हैं उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लेकिन आज हम आपको ऐसे कुछ घरेलू उपाय बताएंगे जिनकी मदद ले आप एसी और कूलर के बिना भी अपने घरों को ठंडा रख सकते हैं.
बालकनी में लगाएं पौधे
घर की बालकनी में आप जितने पौधे लगाएंगे आपका कमरा उतना ठंडा रहेगा. पौधों की मदद से गर्मी को काफी हद तक कम किया जा सकता है. आप चाहें तो कमरे के अंदर भी इंडोर प्लांट्स लगाकर घर को ठंडा रख सकते हैं.
छत पर डालें पानी
गर्मी के दिनों में अगर आप घर की छत पर शाम के बाद पानी डालेंगे तो इससे छत ठंडी होगी और रात में पंखा चलाने पर रूम में गर्म हवा की बजाय ठंडी हवा आएगी. दरअसल दिनभर धूप की तपिश में छत गर्म हो जाती है और इस वजह से पंखा चलाने पर वो भी गर्म हवा ही देता है. अगर आप उस पर पानी डालते हैं तो छत की गर्माहट निकल जाती है और पंखे की मदद से आपका कमरा भी ठंडा रहेगा.
स्टैंड वाले पंखे का करें इस्तेमाल
रात को सोते समय टेबल फैन या स्टैंड वाले पंखे को खुली खिड़की के पास रखकर चलाएं ताकि क्रॉस वेंटिलेशन हो और हवा ठंडी आए. इसके अलावा आप पंखे के आगे बर्फ का कटोरा भी रख सकते हैं ताकि जब पंखा चले तो वो ठंडी हवा फेकें.
पीओपी कराएं
घरों को मॉडर्न लुक देने के लिए पीओपी को इन दिनों खूब इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन ये रूम को ठंडा रखने का काम भी करता है. ऐस में आप अपने घर में पीओपी करा सकते हैं.
क्रॉस वेंटिलेशन जरूरी
घर को ठंडा रखने के लिए क्रॉस-वेंटिलेशन बेहतरीन तरीका हो सकता है. शाम को खिड़की दरवाजे खोल देना चाहिए. इससे कमरे के अंदर की गर्म हवा निकल जाएगी और कमरा ठंडा हो जाएगा. इसके अलावा आप अपने घर की खिड़कियों पर ब्लैक पेपर भी चिपका सकते हैं. इससे दिन के समय आपके कमरे में धूप नहीं आएगी और कमरा गर्म नहीं होगा.