यूपी के बस्ती जिले से पति पत्नी का एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है, जहां एक पति अपनी पत्नी से इस कदर परेशान हुआ कि उसने भगवान से साथ रहने की नहीं, बल्कि पीछा छुड़ाने की मन्नत मांग ली और उसकी ये मन्नत पूरी भी हो गई.
मन्नत पूरी होते ही वह 9 किलोमीटर दंडवत हो बैडवा माता मंदिर पहुंच गया और पहुंचकर विधिवत पूजा अर्चन की. ये अनोखा मामला सुन हर कोई दंग हो गया और पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है.
पत्नी से अलग होने की लगाई थी अर्जी
दरअसल पूरा मामला सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां के एक युवक का 2 साल पहले शादी हुई लेकिन शादी के बाद से पत्नी से कहासुनी होने लगी. दिन बीतने के साथ-साथ यह कलह बढ़ती गई. वैवाहिक जीवन विवाह के मात्र 2 साल के भीतर ही कलह की भेंट चढ़ गई. आपसी विवाद और मानसिक तनाव से तंग आकर पति ने पौराणिक मंदिर मां बैड़वा समय माता के दरबार में अर्जी लगाई.
मांगी पत्नी से छुटकारा मिलने की मन्नत
युवक ने मां से मन्नत मांगी कि यदि उसे पत्नी से छुटकारा मिल गया तो वह अपने घर से मंदिर तक दंडवत यात्रा करेगा. पति जैसे ही पत्नी से कानूनी रूप से पीछा छूटा तो युवक ने अपनी मन्नत पूरी करने का फैसला किया. पत्नी पीड़ित पति ने सुबह बिना अन्न-जल ग्रहण किए पत्नी अपने गांव से भानपुर स्थित माता के मंदिर तक की 9 किलोमीटर लंबी यात्रा दंडवत लेट-कर शुरू की.
गांव वाले भी गाजे बाजे के साथ शामिल हुए
हैरत की बात यह थी कि इस यात्रा में युवक अकेला नहीं था. उसके साथ उसके माता-पिता और गांव के कई लोग गाजे-बाजे और माता के जयकारों के बीच पीछे-पीछे चल रहे थे. सुबह निकला युवक शाम 6 बजे मंदिर पहुंचा. खून से सने घुटनों और थकान से टूटे शरीर के बावजूद उसने माता के दर्शन किए, प्रसाद चढ़ाया और आभार जताया. उसके चेहरे पर शारीरिक थकान से ज्यादा मानसिक शांति साफ झलक रही थी. यह घटना आज के समय में कमजोर पड़ते वैवाहिक संबंधों और बढ़ते मानसिक तनाव की एक सजीव मिसाल बन गई है.
रिपोर्ट- संतोष कुमार सिंह
ये भी पढ़ें: