चावल का पानी (Chawal ke Pani) यानी राइस वाटर (Rice Water) त्वचा के लिए बहुत ही पुराना और असरदार घरेलू नुस्खा है. राइस वाटर में विटामिन बी, सी, ई, अमीनो एसिड, एंटीऑक्सीडेंट्स और ढेर सारे मिनरल्स होते हैं, जो स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बनाते हैं. यदि आपकी स्किन डल है और डार्क स्पॉट्स हैं तो आप राइस वाटर का इस्तेमाल कर सकते हैं. आयुर्वेदिक डॉक्टर सलीम जैदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने चेहरे पर चावल का पानी लगाने के फायदे और सही तरीका बताया है.
क्या होता है फेस पर राइस वाटर लगाने से
डॉ. सलीम जैदी के अनुसार राइस वाटर में ऐसे कंपाउंड होते हैं, जो हमारी स्किन को कई फायदे पहुंचा सकते हैं. चावल के पानी में कोजिक एसिड, फेरुलिक एसिड और इनोसिटोल काफी पाए जाते हैं. ये कंपाउंड स्किन को हाइड्रेट रखने, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने और डलनेस को कम करने में मदद करते हैं. इतना ही नहीं, इनसे पिगमेंटेशन व एजिंग के लक्षणों को भी कम करने में मदद मिलती है. चावल का पानी स्किन को ग्लोइंग बनाता है. पोर्स यानी छिद्र को टाइट करता है. ऑयली स्किन को कंट्रोल करता है. चावल का पानी सनबर्न और जलन में राहत देता है.
ऐसे लगाएं चेहरे पर चावल का पानी
डॉ.सलीम जैदी के मुताबिक कोई भी घर पर राइस वाटर टोनर तैयार कर सकता है. इसके लिए आधा कप चावल लेकर इसे दो कप पानी में भिगोकर रख दें. चावल को बीच-बीच में चलाते रहें. 30 से 40 मिनट के बाद इस चावल के पानी को छान लें. इस तरह से राइस वाटर टोनर बनकर तैयार हो जाएगा. अब इसे कॉटन पैड के जरिए अपने चेहरे पर लगाएं. आप दिन में दो बार चेहरे पर चावल का ये पानी लगाएं. बहुत ज्यादा बेहतर नतीजों के लिए आप फर्मेंटेड राइस वाटर का उपयोग कर सकते हैं. आप इसके लिए पानी में चावल को भिगोकर 24 से 48 घंटों के लिए छोड़ सकते हैं. इसके बाद पानी को छानकर अलग कर लें और फिर इसे अपने चेहरे पर लगाएं. डॉ. जैदी के मुताबिक इस तरह फर्मेंटेड करने से चावल के पानी में लैक्टिक एसिड की मात्रा भी बढ़ जाती है. लैक्टिक एसिड स्किन पर हल्के एक्सफोलिएंट की तरह काम करता है. ये डेड स्किन सेल्स को साफ करने में मदद करता है, जिससे चेहरा और ज्यादा साफ और चमकदार नजर आ सकता है.
...तो बनाएं चावल के आटे का मास्क
यदि आपके फेस पर डार्क स्पॉट्स बहुत अधिक हैं तो आप चावल के आटे से मास्क बनाकर लगा सकते हैं. आप चावल के आटे में शहद और नींबू का रस मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. अब इस मास्क को 15 से 20 मिनट तक चेहरे पर लगाकर रखें. इसके बाद साफ पानी से धो लें. यदि आपकी स्किन बहुत ज्यादा सेंसिटिव है तो आप नींबू की जगह गुलाब जल का इस्तेमाल कर सकते हैं. चेहरे को चमकाने के लिए आप चावल के पानी में बेसन या मुल्तानी मिट्टी मिलाकर फेस पैक बनाकर लगा सकते हैं. इन देसी नुस्खों को अपनाकर आप चेहरे को चमका सकते हैं.