किचन गार्डेन का शौक रखने वाले लोगों के मन में मौसम बदलने से पहले सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि आखिर कौन-सी सब्जियों के बीज बोए जाएं, ताकि पौधों की अच्छी बढ़त हो और लंबे समय तक ताजी सब्जियां मिलती रहें. अगर आपको घर में पौधे लगाने और ताजी सब्जियां उगाने का शौक है, तो सर्दियों का मौसम आपके लिए काफी अच्छा रहने वाला है. इस मौसम में कई ऐसी सब्जियां होती हैं, जिन्हें गमले, ग्रो बैग या घर की छोटी-सी क्यारी में आसानी से उगाया जा सकता है. इन्हें उगाने के लिए बहुत ज्यादा जगह की जरूरत भी नहीं होती. अगर आप भी घर पर सब्जियां उगाना चाहते हैं, तो अभी से इन 5 सब्जियों की तैयारी शुरू कर दें. सर्दियों में घर की उगी ताजी सब्जियों का स्वाद बाजार बाली सब्जियों से कहीं ज्यादा अच्छा होता है.
1. पालक
सर्दियों में पालक तेजी से बढ़ने वाली सब्जियों में शामिल है. इसे घर में गमले या ग्रो बैग में आसानी से उगाया जा सकता है. इसके लिए मिट्टी में बीज डालकर सिंचाई करें और गमले को ऐसी जगह रखें, जहां पर्याप्त धूप आती हो. थोड़ी देखभाल के बाद पालक की हरी पत्तियां तैयार होने लगती हैं और 20-30 दिनों में खाने लायक हो जाती हैं. आप जरूरत के हिसाब से इसकी पत्तियां तोड़कर इस्तेमाल कर सकते हैं.
2. मेथी
किचन गार्डेन में मेथी उगाना भी काफी आसान है. इसके लिए बहुत बड़े गमले की जरूरत नहीं पड़ती और कम जगह में भी इसकी अच्छी पैदावार पाई जा सकती है. मेथी के बीज मिट्टी में डालने के बाद नियमित रूप से पानी देते रहें. ठंड बढ़ने के साथ इसकी हरी पत्तियां अच्छी तरह निकलने लगेंगी. फिर चाहे तो आप इनसे सूप बनाकर पीएं या फिर सब्जी बनाकर खाएं. मेथी का साथ स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी है.
3. मूली
सर्दियों में मूली का इस्तेमाल सलाद से लेकर सब्जी और पराठे तक में खूब होता है. अगर आपके पास थोड़ी गहरी क्यारी या बड़ा ग्रो बैग है, तो इसमें मूली उगाई जा सकती है. मूली की ग्रोथ के लिए मिट्टी भुरभुरी रखें, ताकि इसकी जड़ को नीचे की ओर बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके. 30-40 दिनों में मूली खाने लायक पूरी तरह तैयार हो जाती है.
4. धनिया
धनिया ऐसी सब्जी है, जिसे घर में कम जगह होने पर भी आसानी से उगाया जा सकता है. इसके लिए छोटे गमले का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. बीज बोने के बाद मिट्टी में नमी बनाए रखें और पौधे को पर्याप्त रोशनी दें. कुछ समय बाद इसकी हरी पत्तियां तैयार हो जाएंगी, जिन्हें सब्जी और खाने की गार्निशिंग के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं.
5. गाजर
सर्दियों में गाजर भी किचन गार्डेन के लिए अच्छा विकल्प है. इसे उगाने के लिए ऐसी जगह या ग्रो बैग चुनें, जहां इसकी जड़ आसानी से नीचे की ओर बढ़ सके. मिट्टी ज्यादा सख्त नहीं होनी चाहिए और पौधे को पर्याप्त धूप मिलनी चाहिए. सही देखभाल मिलने पर घर में ही ताजी गाजर तैयार की जा सकती है.
ये भी पढ़ें