Advertisement

इंजीनियरिंग का '90 डिग्री' खेल, भोपाल में शौचालय जाने के लिए अब जनता ढूंढ रही जुगाड़!

मामला वार्ड नंबर 40 का है, जहां नगर निगम ने रेलवे की जमीन पर सुलभ शौचालय बनवा दिया. निर्माण लगभग पूरा ही होने वाला था कि तभी रेलवे ने अपनी बाउंड्री वॉल खड़ी कर दी.

सुलभ शौचालय भोपाल
gnttv.com
  • भोपाल,
  • 05 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:19 AM IST
  • शौचालय जाने के लिए फ्लाई ओवर बनवाएगा नगर निगम
  • 90 डिग्री पुल के पास ही बनाया गया है सुलभ शौचालय

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल एक बार फिर अपने अजूबों को लेकर चर्चा में है. पहले ऐशबाग इलाके का 90 डिग्री मोड़ वाला पुल लोगों के बीच मजाक का विषय बना और अब उसी इलाके के पास एक नया कारनामा सामने आया है जिसमें सुलभ शौचालय ऐसा बनाया गया कि वो किसी कामका नहीं है.

रेलवे की जमीन पर नगर निगम ने बनवाया सुलभ शौचालय
मामला वार्ड नंबर 40 का है, जहां नगर निगम ने रेलवे की जमीन पर सुलभ शौचालय बनवा दिया. निर्माण लगभग पूरा ही होने वाला था कि तभी रेलवे ने अपनी बाउंड्री वॉल खड़ी कर दी. नतीजा यह हुआ कि पूरा शौचालय दीवार के अंदर कैद हो गया. अब हालत यह है कि शौचालय बना तो है, लेकिन आम लोग वहां तक पहुंच ही नहीं सकते.

स्थानीय लोगों ने दर्ज कराई थी आपत्ति
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शौचालय बन रहा था, तभी उन्होंने आपत्ति जताई थी कि यह रेलवे की जमीन है और यहां निर्माण नहीं होना चाहिए. लेकिन नगर निगम ने उनकी बात अनसुनी कर दी. अब जब रेलवे ने अपनी जमीन पर दीवार खड़ी कर दी है, तो पूरा खर्च बेकार जाता नजर आ रहा है.

इस अजीब हालात पर इलाके के लोग भी तंज कस रहे हैं. उनका कहना है कि अब क्या नगर निगम शौचालय तक पहुंचने के लिए फ्लाईओवर बनाएगा या अंडरपास?

सामाजिक कार्यकर्ता अलमास अली ने बताया कि उन्होंने इलाके में शौचालय की मांग की थी, लेकिन इस तरह का बंद शौचालय किसी काम का नहीं है.

चर्चा में भोपाल का ये बंद शौचालय
वहीं रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. दूसरी ओर नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने भी कहा कि रेलवे से समन्वय बनाकर समाधान निकाला जाएगा. फिलहाल भोपाल का यह ‘कैद’ शौचालय लोगों के लिए सुविधा से ज्यादा मजाक बन गया है

-धर्मेन्द्र साहू की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement