मेकअप सामान कम लाने पर दुल्हन ने शादी से किया इनकार, शुएब की बारात बिना दुल्हन ही लौटी

नूरपुर के इस्लामनगर निवासी उस्मान के बेटे शुऐब उर्फ बब्बू का निकाह नहटौर के जसमौरा गांव निवासी यूसुफ की बेटी से तय हुआ था. तय कार्यक्रम के मुताबिक 8 अप्रैल की रात नहटौर-धामपुर मार्ग स्थित नाज बैंक्वेट हॉल में बारात पहुंची.

Makeup Product
gnttv.com
  • बिजनौर,
  • 10 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:28 PM IST
  • बिजनौर में निकाह से पहले हंगामा
  • दोनों पक्षों में मारपीट-पथराव

बिजनौर जिले के नहटौर में एक बैंक्वेट हॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निकाह की रस्मों के बीच दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. बताया जा रहा है कि दुल्हन दूल्हा पक्ष द्वारा लाए गए मेकअप के सामान से संतुष्ट नहीं थी. इसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला मारपीट व पथराव तक पहुंच गया.

दुल्हन ने अचानक शादी से इनकार किया
जानकारी के अनुसार, नूरपुर के इस्लामनगर निवासी उस्मान के बेटे शुऐब उर्फ बब्बू का निकाह नहटौर के जसमौरा गांव निवासी यूसुफ की बेटी से तय हुआ था. तय कार्यक्रम के मुताबिक 8 अप्रैल की रात नहटौर-धामपुर मार्ग स्थित नाज बैंक्वेट हॉल में बारात पहुंची. निकाह की रस्में शुरू होने ही वाली थीं कि दुल्हन ने अचानक शादी से इनकार कर दिया.

कहासुनी मारपीट में बदली
दुल्हन के इस फैसले से माहौल तनावपूर्ण हो गया. पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ओर से ईंट-पत्थर चले. इस दौरान दूल्हे की कार के शीशे टूट गए और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं दूल्हे के भाई के साथ भी मारपीट की गई.

पुलिस ने मामले को संभाला
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया. पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है.

बिना दुल्हन को लिए वापस लौटी बारात
देर रात बिरादरी के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया. तय हुआ कि निकाह नहीं होगा और बारात बिना दुल्हन के लौटेगी. साथ ही दूल्हा पक्ष, दुल्हन पक्ष के खर्चे की भरपाई करेगा. इसके बाद बारात वापस लौट गई.

-संजीव शर्मा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें

 

    Read more!

    RECOMMENDED