Advertisement

गड्ढे में पलटी कार, अंदर भरी थी शराब, खबर फैलते ही टूट पड़ी भीड़, कोई पैक लेकर दौड़ा तो कोई दोनों हाथों में भरकर ले गया

बिहार के समस्तीपुर से कार गड्ढे में पलटने के बाद शराब लूटने का वीडियो सामने आया है. हर कोई भर भर कर शराब का टेट्रा पैक लेकर भगाते हुए दिखाई पड़ रहा है.जबतक पुलिस पहुंचती स्थानीय लोगों ने पूरी शराब ही लूट ली.

Car Carrying Liquor
जहांगीर आलम
  • समस्तीपुर,
  • 08 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:17 PM IST
  • मिनटों में खाली कर दी पूरी गाड़ी
  • कार से आने लगी शराब की खुशबू

बिहार के समस्तीपुर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर आप भी कहेंगे- हादसा हुआ था या शराब की ‘सेल’ लग गई थी! यहां कार गड्ढे में पलटी तो उसके अंदर से शराब के टेट्रा पैक मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. इसके बाद जो हुआ, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है. वीडियो में लोग भर-भरकर शराब के टेट्रा पैक उठाते और मौके से भागते नजर आ रहे हैं. पुलिस जब तक पहुंची, तब तक स्थानीय लोगों ने कार को लगभग खाली कर दिया था.

तेज बारिश में फिसली कार, गड्ढे में जा गिरी
मामला समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में एनएच-28 पर पगड़ा गांव के पास का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, एक कार समस्तीपुर की ओर से बरौनी की तरफ जा रही थी. इसी दौरान तेज बारिश के बीच पगड़ा चौक के पास चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया. सड़क पर फिसलन होने की वजह से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी. हादसे के बाद कार में सवार चालक और अन्य लोग वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गए.

कार से आने लगी शराब की खुशबू
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे. तभी गड्ढे में पड़ी कार से शराब की बदबू आने लगी. एक शख्स नीचे उतरकर कार के पास पहुंचा तो उसके अंदर शराब के टेट्रा पैक भरे पड़े थे. बस फिर क्या था, यह खबर वहां मौजूद लोगों तक पहुंचते ही भीड़ का पूरा ध्यान हादसे से हटकर कार के अंदर रखे खजाने पर चला गया.

इसके बाद लोगों में शराब के टेट्रा पैक उठाने की होड़ मच गई. वीडियो में कोई एक-दो पैक लेकर जाता दिख रहा है तो कोई दोनों हाथों में भर-भरकर टेट्रा पैक लेकर भागता नजर आ रहा है. देखते ही देखते कार के आसपास लोगों की भीड़ लग गई और कुछ ही मिनटों में शराब के टेट्रा पैक लगभग गायब हो गए.

पुलिस पहुंची तो कार मिली शराब गायब
घटना की सूचना मिलने के बाद दलसिंहसराय पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने कार से शराब के टेट्रा पैक उठा लिए थे. पुलिस को मौके पर कार तो मिली, लेकिन उसमें शराब की एक भी बोतल या टेट्रा पैक नहीं मिला. इसके बाद कार को गड्ढे से बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई. काफी मशक्कत के बाद लोगों और क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया.

पुलिस ने कहा- शराब लौटाएं, नहीं तो होगी कार्रवाई
दलसिंहसराय के अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने मोबाइल पर बताया कि पगड़ा चौक के पास कार के पलटने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कार गड्ढे में पड़ी थी. कार को बाहर निकालने के दौरान उसमें शराब की एक भी बोतल नहीं मिली. पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग शराब के टेट्रा पैक लेकर जा चुके थे.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement