Cooking Tips: ध्यान दें! खाना बनाते समय ये 6 चीजें सोख लेती हैं सबसे ज्यादा तेल, वजन बढ़ने की बन सकती हैं वजह

खाना बनाते समय तेल का जितना कम इस्तेमाल किया जाए, उतना स्वास्थ्य के लिए ठीक है लेकिन कुछ ऐसी चीजें हैं जो स्पंज की तरह तेल को सोख लेती हैं. ये चीजें खाने पर सेहत को काफी नुकसान पहुंचाती हैं. आपका वजन बढ़ सकता है. पेट की समस्या हो सकती है. ऐसे में आइए जानते हैं कौन सी 6 चीजें हैं, जो तेल को बहुत ज्यादा सोखती हैं? 

Cooking Tips
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 06 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:58 AM IST

खाना बनाते समय तेल का जितना कम इस्तेमाल किया जाए, उतना स्वास्थ्य के लिए ठीक है. डॉक्टर भी कम तेल खाने की सलाह देते हैं. अधिक तेल का सेवन करने से आपका वजन बढ़ सकता है. पेट की समस्या हो सकती है. कुछ लोग खाना बनाने के दौरान स्वाद बढ़ाने के लिए अधिक तेल का इस्तेमाल करते हैं तो वहीं कुछ ऐसी चीजें हैं, जो स्पंज की तरह अपने अंदर तेल को सोख लेती हैं. आइए जानते हैं कौन सी 6 चीजें हैं, जो तेल को बहुत ज्यादा सोखती हैं? 

1. बैंगन
हमारे देश के अधिकांश लोग बैंगन खाना पसंद करते हैं. बैंगन की सब्जी, चोखा, बैंगन फ्राई, भरवां बैंगन और कलौंजी खूब पसंद किया जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि बैंगन सबसे अधिक तेल सोखने वाली सब्जियों में से एक है. इसका स्पंजी गूदा एक बत्ती की तरह काम करता है, जो तवे और कढ़ाई में डालते ही तेल सोख लेता है. बैंगन को जब तलकर या कम पानी में पकाया जाता है तो यह बहुत अधिक तेल सोख लेता है. बैंगन का छिद्रयुक्त, नरम गूदा वसा को सोख लेता है, इससे पहले कि इसकी बाहरी परत ठीक से सील हो पाए. पुराने या बड़े बैंगन तो और भी अधिक तेल सोखते हैं. ऐसे में बैंगन का कोई भी व्यंजन बनाने के लिए बहुत कम तेल का इस्तेमाल करना चाहिए. 

2. पनीर
वेजिटेरियंस बड़े ही चाव से पनीर खाते हैं. पनीर देखने में ऊपर से भले ही सख्त लगे लेकिन काटने, गर्म करने और तेल में डालने के बाद यह बहुत अधिक तेल को अपने अंदर सोखता है. कई लोग पनीर का कोई व्यंजन बनाने से पहले पनीर को तेल में तलते हैं. ऐसे में पनीर अच्छी-खासी मात्रा में तेल एब्जॉर्ब कर लेता है. डीप फ्राई करने पर पनीर ज्यादा ऑयली हो जाता है. ऐसे में आप पनीर को तेल में तले बिना इसका व्यंजन बना सकते हैं. आपको मालूम हो  कि अधिक पकने पर पनीर की सतह सूख जाती है, दरारें पड़ जाती हैं और तेल सोखने की संभावना और भी बढ़ जाती है.

3. आलू
आलू रसोई में सबसे अधिक तेल सोखने वाले खाद्य पदार्थों में से एक है. आलू में स्टार्च की अधिक मात्रा होती है और इसका अंदरूनी भाग नरम होता है, इसलिए ये तेल को बहुत जल्दी सोख लेता है. चाहे आलू को को कम तेल में तला जाए, अधिक तेल में तला जाए यह तेल को सोखता ही सोखता है. पतले स्लाइस या स्ट्रिप्स में कटे आलू का सतह क्षेत्र और भी अधिक खुला रहता है, जिसका अर्थ है कि पकने के दौरान ये अधिक तेल सोख लेते हैं. यही कारण है कि चिप्स,  फ्रेंच फ्राइज, आलू टिक्की और कुरकुरे आलू के स्नैक्स देखने में जितने हल्के लगते हैं, उससे कहीं अधिक खाने पर भारी महसूस होते हैं. 

4. मशरूम
तेल को मशरूम भी खूब सोखता है. मशरूम में नेचुरली काफी नमी होती है. ऐसे में मशरूम पकते समय पानी छोड़ते हैं और जैसे-जैसे यह नमी वाष्पित होती है,  वे उपलब्ध तेल को सोख लेते हैं. ऐसे में मशरूम को कम तेल में ही पकाने की कोशिश करें.

5. भिंडी
भिंडी बच्चे हों या बूढ़े सभी को पंसद है. भिंडी की सब्जी और भुजिया लोग बड़े ही चाव से खाते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं भिंडी भी काफी तेल सोखती है. कुछ लोग भिंडी का व्यंजन बनाते समय बार-बार तेल डालते रहते हैं ताकि भिंडी चिपके नहीं, लेकिन इससे भिंड़ी का व्यंजन जरूरत से ज्यादा ऑयली हो सकता है. इससे बचने का सबसे अच्छा तरीका ये है कि भिंडी को धुलकर अच्छे से सुखा लें तभी काटकर कुक करें.

6. ब्रेड
ब्रेड का उपयोग हर घर में कई चीजों में किया जाता है. कोई स्नैक्स बनाना हो या फिर सैंडविच तैयार करनी हो तो ब्रेड को घी या बटर में सेंका जाता है. ऐसे में ब्रेड काफी मात्रा में घी और बटर को सोख लेता है. ऐसे में ब्रेड का कोई भी व्यंजन बनाने के दौरान घी, बटर और तेल का कम से कम इस्तेमाल करना चाहिए. 

 

Read more!

RECOMMENDED