गर्मी का मौसम आते ही शरीर को ठंडक देने वाले ड्रिंक्स और फलों की जरूरत बढ़ जाती है. ऐसे में धनिया और नींबू से बना यह देसी शरबत न सिर्फ आपको ताजा महसूस करवाएगा, बल्कि शरीर को अंदर से ठंडा रखने में भी मदद करेगा. धनिया की तासीर ठंडी मानी जाती है और नींबू का खट्टा स्वाद इस ड्रिंक को और भी रिफ्रेशिंग बना देता है. अगर गर्म दोपहर में आप ये शरबत एक गिलास पी लेते हैं, तो थकान और सुस्ती दोनों से राहत पा सकते हैं. धनिया-नींबू का शरबत गर्मी के दिनों में एक हेल्दी ड्रिंक माना जाता है, जो जल्दी बन भी जाता है. अगर आप रोज एक बार इसे पीते हैं, तो डिहाइड्रेशन और लू से राहत मिल सकती है.
शरबत बनाने के लिए क्या चाहिए
इस शरबत को बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती.
एक कप ताजा हरा धनिया
1 से 2 नींबू
स्वादानुसार चीनी या शहद
एक चुटकी काला नमक
ठंडा पानी
बर्फ के टुकड़े
इन आसान चीजों से घर पर कुछ ही मिनटों में यह शरबत तैयार हो जाता है.
ऐसे बनाएं धनिया-नींबू का शरबत
सबसे पहले हरे धनिये को अच्छी तरह धो लें ताकि उसमें लगी मिट्टी साफ हो जाए. इसके बाद धनिया को मिक्सर में थोड़ा पानी डालकर पीस लें. अब इस पेस्ट को छानकर इसका रस अलग कर लें.
इसके बाद एक बड़े गिलास या जग में धनिया का रस डालें. इसके बाद इसमें 1 नींबू को निचोड़ें. स्वाद के लिए चीनी या शहद मिलाएं और साथ में थोड़ा काला नमक डाल दें. अब इसमें ठंडा पानी मिलाकर अच्छी तरह चला लें. आखिर में बर्फ डालकर इसे ठंडा-ठंडा सर्व करें.
सेहत के लिए भी फायदेमंद
यह शरबत सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी अच्छा माना जाता है. धनिया पाचन को बेहतर करने में मदद करता है, जबकि नींबू शरीर को हाइड्रेट रखता है. गर्मी में जब शरीर जल्दी थक जाता है, तब यह ड्रिंक इंस्टेंट राहत देती है.
दोपहर के समय या बाहर से घर आने के बाद यह शरबत पीना सबसे अच्छा रहता है. कोशिश करें कि खाली पेट इस शरबत को न पीएं. ये शरबत खट्टा होता है, जो गैस की समस्या बढ़ा सकता है.
ये भी पढ़ें