सच्चे प्यार में कोई बहाना नहीं होता, कोई सीमा नहीं होती. इस बात को सत्य कर दिया है ऑस्ट्रेलिया के रहने वाले एक व्यक्ति ने जो विदेश से सीधा भारत मध्य प्रदेश में अपनी दुल्हनिया लेने आया.लड़के का नाम ऐश होन्सचाइल्ड (Ash Honschild) है और उन्होंने मध्य प्रदेश के मनावर की रहने वाली तबस्सुम हुसैन से शादी करने के लिए लगभग 10,000 किलोमीटर का सफर तय किया. शादी रविवार 18 दिसंबर को हुई.
कोर्ट मैरिज भी की
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की. तबस्सुम के भाई रेहान ने एक मीडिया हाउस को बताया कि इसी साल 2 अगस्त को उन्होंने विदेश की एक अदालत में भी शादी की थी. तबस्सुम की तीन बहनें और दो भाई हैं. उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है. उसके पिता सादिक हुसैन बस स्टैंड के पास साइकिल रिपेयरिंग की दुकान पर काम करते हैं. उनकी मां होम मेकर हैं.
दोनों की मुलाकात तब हुई जब तबस्सुम अपनी पढ़ाई करने के लिए ऑस्ट्रेलिया गई. वहीं से उनकी प्रेम कहानी शुरू हुई. साल 2016 में मध्य प्रदेश सरकार ने तबस्सुम को उच्च शिक्षा के लिए 45 लाख रुपये का इनाम दिया था.
एक कॉलेज में पढ़ते थे दोनों
तबस्सुम एक साल बाद 2017 में उच्च अध्ययन के लिए ब्रिसबेन, ऑस्ट्रेलिया चली गई. अगस्त में कोर्ट मैरिज के बाद ऐश तबस्सुम के परिवार से मिलने भारत आया. ऐश को भारत की संस्कृति, परंपराओं और व्यंजनों से प्यार हो गया. ऐश की मां भी उसके साथ भारत आई थीं. तबस्सुम वर्तमान में ब्रिस्बेन में एक संगठन में सीनियर मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं. दोनों ऑस्ट्रेलिया के उसी कॉलेज में पढ़ते थे जहां ऐश तबस्सुम का सीनियर था.