दिल्ली में बढ़ती प्याज की कीमतों से लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार 1,000 मीट्रिक टन प्याज उपलब्ध कराएगी. दिल्ली सरकार इस प्याज को आम लोगों को 35 प्रति किलो की दर से बेचेगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी. सरकार का कहना है कि प्याज की उपलब्धता बनाए रखने और बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है.
50-60 रुपए किलो तक पहुंचा प्याज
राजधानी में पिछले कुछ सप्ताह में प्याज के दाम तेजी से बढ़े हैं. बारिश के कारण कई इलाकों में प्याज की फसल को नुकसान पहुंचा है. इसका असर मंडियों से लेकर खुदरा बाजार तक दिखाई दे रहा है. फिलहाल दिल्ली के बाजारों में प्याज करीब 50 से 60 प्रति किलो बिक रहा है. ऐसे में सरकार की ओर से 35 किलो प्याज उपलब्ध कराने से घरेलू बजट पर बढ़ रहे बोझ को कम करने की कोशिश की जा रही है.
13 जिलों में उचित दर की दुकानों और वैन से होगी बिक्री
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, केंद्र से मिलने वाले प्याज की बिक्री दिल्ली के सभी 13 जिलों में की जाएगी. इसके लिए उचित दर की दुकानों के साथ-साथ मोबाइल वैन का भी इस्तेमाल होगा. सरकार का फोकस उन इलाकों तक भी सस्ता प्याज पहुंचाने पर है, जहां लोगों के लिए उचित दर की दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है. मोबाइल वैन अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों को निर्धारित कीमत पर प्याज उपलब्ध कराएंगी.
सरकार बोली- राजधानी में प्याज की कमी नहीं होने देंगे
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में प्याज की किसी भी तरह की कमी नहीं होने देगी. सरकार जरूरी खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार नजर रख रही है, ताकि लोगों को अचानक कीमत बढ़ने या सामान की कमी का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि सरकार प्याज की उपलब्धता और कीमतों की लगातार निगरानी कर रही है. किसी भी परिस्थिति में राजधानी में प्याज की कमी नहीं होने दी जाएगी.
आम लोगों को महंगाई से राहत देने की कोशिश
दिल्ली सरकार के इस फैसले का सीधा फायदा उन परिवारों को मिलने की उम्मीद है, जिनके घरेलू बजट पर सब्जियों और जरूरी खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का असर पड़ रहा है. खुले बाजार में 50-60 किलो बिक रहे प्याज के मुकाबले 35 किलो की दर काफी कम है. केंद्र से मिलने वाली 1,000 मीट्रिक टन की खेप के जरिए सरकार फिलहाल बाजार में सस्ती आपूर्ति बढ़ाने की कोशिश कर रही है. सरकार की नजर आगे भी प्याज के भाव और उपलब्धता पर बनी रहेगी.
ये भी पढ़ें: