अगर आपको हॉन्टेड प्लेसिस या घोस्ट स्टोरीज़ और रहस्यमयी जगहों के बारे में जानने का शौक है, तो दिल्ली में ऐसी कई लोकेशन्स मौजूद हैं जिनके बारे में सुनकर ही लोगों की रूह कांप जाती है. इन जगहों से जुड़ी कहानियां सालों से लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं. हालांकि इन बातों के पीछे कोई पक्का साइंटिफिक सबूत नहीं है, लेकिन आसपास रहने वालों के अनुभव इन जगहों को और भी रहस्यमयी बना देते हैं. आइए जानते हैं दिल्ली की उन 5 जगहों के बारे में जिन्हें सबसे डरावना माना जाता है.
फिरोज शाह कोटला किला
दिल्ली का फिरोज शाह कोटला किला अपनी ऐतिहासिक पहचान के साथ-साथ रहस्यमयी कहानियों के लिए भी काफी मशहूर है. कहा जाता है कि यहां रात के समय अदृश्य शक्तियों और जिन्नों का वास होता है. कई लोग गुरुवार के दिन यहां मोमबत्ती, अगरबत्ती और चिट्ठियां चढ़ाने आते हैं. मान्यता है कि यहां मौजूद जिन्न लोगों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं. इसी वजह से यह जगह डर और आस्था दोनों का केंद्र बनी हुई है.
संजय वन
दिल्ली का संजय वन दिन में भले ही सामान्य जंगल जैसा दिखाई देता हो, लेकिन शाम ढलते ही इसका माहौल बदल जाता है. कई लोगों का दावा है कि यहां सफेद कपड़ों में एक बुजुर्ग महिला दिखाई देती है. कुछ लोगों ने यह भी बताया कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे किसी ने पीछे से धक्का दिया हो. घना जंगल, अजीब आवाजें और अचानक छा जाने वाली धुंध इस जगह को और भी रहस्यमयी बना देती है.
भूली भटियारी का महल
करोल बाग के पास स्थित भूली भटियारी का महल लंबे समय से डरावनी कहानियों का हिस्सा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां शाम के बाद अजीब आवाजें सुनाई देती हैं. कई लोग दावा करते हैं कि उन्हें यहां रोने या फुसफुसाने जैसी आवाजें सुनाई दी हैं. यही वजह है कि सूरज ढलने के बाद यहां लोगों की आवाजाही काफी कम हो जाती है.
जमाली कमाली
जमाली कमाली मकबरा दिल्ली की सबसे चर्चित हॉन्टेड में गिना जाता है. यहां आने वाले कुछ लोगों का कहना है कि उन्हें अचानक ठंडी हवा का झोंका महसूस हुआ, जबकि आसपास कोई नहीं था. कई बार लोगों ने अजीब आवाजें सुनने और अनदेखी मौजूदगी महसूस करने की बातें भी साझा की हैं. यही कारण है कि यह जगह रोमांच पसंद लोगों को काफी अट्रैक्ट करती है.
खूनी दरवाजा
दिल्ली का खूनी दरवाजा अपने दर्दनाक इतिहास के लिए जाना जाता है. माना जाता है कि यहां अतीत में कई लोगों की हत्या हुई थी. इसी वजह से इस स्थान को लेकर कई डरावनी कहानियां प्रचलित हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि देर शाम यहां का माहौल काफी डरावना हो जाता है और कई बार अजीब आवाजें सुनाई देती हैं.