स्ट्रेट, सिल्की और शाइनी बाल देखने में काफी खूबसूरत लगते हैं. यही वजह है कि बहुत से लोग बालों को सीधा करने के लिए स्ट्रेटनर, ब्लो-ड्रायर और दूसरे हीटिंग टूल्स का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि, स्ट्रेट और चमकदार बालों के लिए हर बार स्ट्रेटनर या ब्लो-ड्रायर का इस्तेमाल करना जरूरी नहीं है. ज्यादा गर्मी बालों की नमी छीनकर उन्हें रूखा और बेजान बना सकती है. अगर आप बिना हीट के बालों को स्ट्रेट और स्मूथ लुक देना चाहती हैं, तो चलिए आपको बताते हैं घर पर बाल स्ट्रेट करने के तरीके के बारे में...
कोल्ड एयर से करें ब्लो ड्राई
बालों को बिना गर्म हवा के सीधा करने के लिए कोल्ड एयर ब्लो-ड्रायर का इस्तेमाल किया जा सकता है. सबसे पहले बालों को करीब 75 प्रतिशत तक प्राकृतिक तरीके से सूखने दें. इसके बाद बालों को छोटे हिस्सों में बांट लें. अब ड्रायर को कूल सेटिंग पर चलाएं और जड़ों से लेकर सिरों तक ठंडी हवा दें. ड्रायर को बालों से करीब 6 इंच दूर रखें और उसे लगातार चलाते रहें. बेहतर शाइन के लिए बालों में थोड़ा स्मूदिंग सीरम या लीव-इन कंडीशनर भी लगाया जा सकता है.
रात में बालों को रैप करें
हेयर रैपिंग भी बिना हीट के बालों को सीधा और स्मूथ दिखाने का आसान तरीका है. इसके लिए पहले बालों को अच्छी तरह सुलझा लें. फिर बालों के एक हिस्से को लेकर सिर के दूसरी तरफ ले जाएं और पिन से सुरक्षित करें. इसी तरह बाकी बालों को भी सिर के चारों तरफ लपेटकर पिन लगा दें. इसके बाद सैटिन स्कार्फ या हेयर टर्बन बांधकर सो जाएं. सुबह पिन हटाकर बालों में हल्की कंघी करें.
बड़े रोलर्स का करें इस्तेमाल
बड़े प्लास्टिक रोलर भी बालों को बिना हीट के सेट करने में मदद कर सकते हैं. इसके लिए बालों को हल्का गीला करें और छोटे हिस्सों में बांट लें. अब हर हिस्से को बड़े रोलर में लपेटकर कुछ घंटों के लिए छोड़ दें. इस तरीके से बाल पूरी तरह स्ट्रेट नहीं होंगे, लेकिन उनमें हल्का वॉल्यूम आएगा और वे ज्यादा स्मूथ और मैनेजेबल नजर आ सकते हैं.
ये भी पढ़ें: