Chhat Thanda Rakhne Ka Tarika: गर्मी का मौसम शुरू होते ही सबकी चिंता होती है कि घर को ठंडा कैसे रखा जाए. तेज धूप में घर की छत भट्टी जैसी गर्म हो जाती है. कंक्रीट की छतें दिनभर धूप सोखती हैं और रात तक घर के कमरों को एक दम गर्म बना देती है. इससे एक तला घर और टॉप फ्लोर पर रहने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है. छत हीट होने से पंखा भी गर्म हवा फेंकने लगता है. हम आपको कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे बता रहे हैं, जिससे छत ठंडी रहेगी और पूरा घर भी कूल-कूल रहेगा.
घर की छत को ठंडा रखने के लिए करें ये उपाय
1. सफेद चूना
आप अपने घर की छत को ठंडा रखने के लिए सफेद चूना का इस्तेमाल कर सकते हैं. आपको मालूम हो कि चूना सफेद रंग का होता है. साइंस के अनुसार सफेद रंग सूरज की किरणों को सोखने के बजाय वापस लौटा देता है, जिससे घर का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है. यदि आप छत पर सफेद चूने की परत चढ़ाते हैं या दीवारों पर व्हाइट पेंट करवाते हैं तो यह प्राकृतिक इंसुलेटर की तरह काम करता है. इससे छत बहुत ही कम गर्म होती है और घर ठंडा रहता है.
2. पानी का छिड़काव
आप तेज धूप के चलते गर्म हुई छत को ठंडा करने के लिए सूरज ढलने के बाद छत पर पानी डाल सकते हैं. दिनभर तपी हुई छत जब पानी के संपर्क में आती है तो उसकी हीट बाहर निकल जाती है. आपको मालूम हो कि दोपहर के समय छत पर पानी नहीं डालना चाहिए. ऐसा करने से उमस बढ़ सकती है.
3. जूट की बोरियां
आप छत को ठंडा करने के लिए जूट की बोरियों का इस्तेमाल कर सकते हैं. शाम के समय छत पर जूट की बोरियां बिछा दें. इसके बाद इन पर पानी छिड़क दें. जूट की पानी में गीली बोरियां काफी देर तक नमी सोखकर रखती हैं और नीचे वाले कमरे को ठंडा रखती हैं. ऐसा करने से रात को कमरा एकदम ठंडा रहेगा.
4. ग्रीन नेट
आप छत को ठंडा रखने के लिए ग्रीन नेट का इस्तेमाल कर सकते हैं. यह सूर्य की सीधी रोशनी को छत पर पड़ने से रोकता है. ग्रीन नेट को लगाने से छत गर्म नहीं होती है. ऐसे में नीचे वाले कमरे में गर्मी कम महसूस होती है.
5. टेरेस गार्डन
आप छत पर टेरेस गार्डन बनाकर तेज धूप में छत को गर्म होने से बचा सकते हैं. छत पर रखे पौधे और गमले हरियाली तो बिखेरते ही हैं ये नेचुरल इंसुलेटर का काम भी करते हैं. मिट्टी और पौधों के चलते छत पर सूर्य की धूप का सीधा असर कम होता है. आप जब पौधों में पानी डालते हैं तो वाष्पीकरण की वजह से छत अपने आप ठंडी हो जाती है. इससे घर के अंदर का वातावरण ठंडा बना रहता है.
6. वेंटिलेशन और मोटे पर्दे
आप गर्मी के मौसम में घर को ठंडा रखने के लिए मोटे पर्दों का इस्तेमाल कर सकते हैं. आप वेंटिलेशन का भी ध्यान रखें. घर को ठंडा रखने के लिए हवा का सही बहाव जरूरी है. घर को ठंडा रखने के लिए सुबह सूर्य निकलने से पहले और शाम को सूर्यास्त के बाद अपने घर की सभी खिड़कियां खोल दें. दोपहर में धूप और गर्म हवा को रोकने के लिए खिड़कियों पर मोटे पर्दे डाल दें. यदि आप पर्दों पर हल्का पानी छिड़क देते हैं तो अंदर आने वाली हवा ठंडी हो जाएगी. पंखे के सामने एक गीला कपड़ा या तौलिया टांग दें. इससे भी घर की हवा ठंडी हो जाएगी.