पहले असली सोना गिरवी रखकर जीता भरोसा, फिर नकली गहनों के बदले ले गए कैश और ज्वैलरी... ज्वैलर को ऐसे लगाया 8 लाख का चूना

आरोपियों ने बताया कि वे पहले असली सोने के गहने गिरवी रखकर ज्वैलर्स का भरोसा जीतते थे. 5-6 बार सफल लेन-देन के बाद वे सोने की परत चढ़े नकली गहने गिरवी रखकर उनके बदले असली ज्वैलरी और नकदी लेकर फरार हो जाते थे.

Fake Gold Scam Gang
gnttv.com
  • कोटद्वार,
  • 22 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:21 PM IST
  • ज्वैलर को ऐसे लगाया 8 लाख का चूना
  • नकली गहनों के बदले ले गए कैश और ज्वैलरी

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में पुलिस ने नकली सोने के जरिए ज्वैलर्स से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने राजस्थान के अलवर निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 लाख रुपए नकद और 4 सोने की चेन बरामद की हैं. मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है.

कोटद्वार के जौनपुर निवासी ज्वैलर विभाष अग्रवाल ने 19 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि आरोपी रघुवीर पहले कई बार असली सोने की अंगूठी गिरवी रखकर पैसे लेता और समय पर ब्याज सहित लौटाकर अंगूठी छुड़ा लेता था. इसी तरह कई लेन-देन के बाद उसने ज्वैलर का भरोसा जीत लिया.

बेटी की शादी के लिए मांगे पैसे
इसके बाद 6 जुलाई को रघुवीर अपने एक साथी के साथ दुकान पहुंचा और बेटी की शादी के लिए पैसों की जरूरत बताई. उसने कुछ सोने के पेंडल देकर बदले में करीब 8 लाख रुपए नकद और तैयार सोने के आभूषण ले लिए. बाद में जांच कराने पर पता चला कि गिरवी रखे गए गहने नकली थे. आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

170 CCTV फुटेज से मिला सुराग
एसएसपी सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे करीब 170 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच में पता चला कि आरोपी बस से कोटद्वार आए थे और वारदात के बाद नजीबाबाद चले गए. सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन कोटद्वार से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले असली सोने के गहने गिरवी रखकर ज्वैलर्स का भरोसा जीतते थे. 5-6 बार सफल लेन-देन के बाद वे सोने की परत चढ़े नकली गहने गिरवी रखकर उनके बदले असली ज्वैलरी और नकदी लेकर फरार हो जाते थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक अन्य ज्वैलर को भी इसी तरह निशाना बनाने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही गिरफ्तार कर लिए गए. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.

रिपोर्ट- विकास

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED