गर्मी का मौसम आते ही शरीर को ठंडक देने वाली चीजों की तलाश शुरू हो जाती है. ऐसे में कच्चे आम का पना एक ऐसी ड्रिंक है, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी पूरा ख्याल रखती है. गांवों से लेकर शहरों तक लोग इसे गर्मी से राहत पाने के लिए पीते हैं. यह शरीर में पानी की कमी भी नहीं होने देता.
क्यों खास है आम पना?
कच्चे आम में विटामिन-सी, आयरन और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं. वहीं पुदीना और भुना जीरा इसके स्वाद को और बेहतर बना देते हैं. गर्म हवाओं और लू से बचाव के लिए यह देसी नुस्खा सालों से लोगों की पहली पसंद रहा है.
बनाने के लिए क्या चाहिए-
3 मध्यम साइज के कच्चे आम
4 से 5 बड़े चम्मच गुड़ या स्वादानुसार चीनी
1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
आधा छोटा चम्मच काला नमक
कुछ पुदीने की पत्तियां
4 से 5 गिलास ठंडा पानी
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट आम पना
सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धो लें. इसके बाद उन्हें कुकर में 3 से 4 सीटी आने तक उबाल लें. आम ठंडे हो जाएं तो उनका छिलका हटाकर गूदा निकाल लें.
अब इस गूदे को एक बड़े बर्तन में डालकर अच्छी तरह मैश कर लें. इसमें गुड़ या चीनी मिलाएं और तब तक चलाते रहें जब तक वह पूरी तरह घुल न जाए.
इसके बाद भुना जीरा, काला नमक और बारीक कटी पुदीने की पत्तियां डाल दें. अब इसमें ठंडा पानी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप
अगर आपको खट्टा-मीठा स्वाद पसंद है तो गुड़ का इस्तेमाल करें. वहीं ज्यादा ठंडक के लिए इसे कुछ देर फ्रिज में रखकर सर्व करें. ऊपर से पुदीने की पत्तियां डालने से इसका स्वाद और ताजगी दोनों बढ़ जाती हैं.
ये भी पढ़ें