Hair Care: रॉकेट की स्पीड से आएगा बालों में घनापन और शाइन.. डाइट में शामिल करें इन्हें

आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी, गलत खानपान, तनाव और केमिकल-युक्त हेयर प्रोडक्ट्स के ज़्यादा इस्तेमाल की वजह से बालों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं.

Hair Health
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 08 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 11:37 AM IST

बाल हमारी पर्सनेलिटी और सुंदरता का अहम हिस्सा होते हैं. मर्द हों या औरत, घने और लंबे बाल हर किसी की खूबसूरती को निखारते हैं. लेकिन आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी, गलत खानपान, तनाव और केमिकल-युक्त हेयर प्रोडक्ट्स के ज़्यादा इस्तेमाल की वजह से बालों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. बालों का झड़ना, रूखापन और लंबाई का रुक जाना अब आम समस्या बन चुकी है. ऐसे में अगर आप नेचुरल तरीके से बालों की ग्रोथ बढ़ाना चाहते हैं, तो कुछ खास बीज आपकी इस समस्या का समाधान बन सकते हैं.

अलसी, चिया और कद्दू के बीज ऐसे सुपरफूड माने जाते हैं, जिनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन, विटामिन और जरूरी खनिज भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. ये पोषक तत्व बालों की जड़ों को मजबूती देने के साथ-साथ स्कैल्प को भी हेल्दी रखते हैं. नियमित सेवन से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, सूजन कम होती है और बालों की ग्रोथ को प्राकृतिक रूप से बढ़ावा मिलता है.

मजबूत और घने बालों के लिए
अक्सर हम कद्दू की सब्ज़ी तो खाते हैं, लेकिन इसके बीजों को नज़रअंदाज़ कर देते हैं. जबकि कद्दू के बीज पोषण का खजाना हैं. इनमें जिंक, मैग्नीशियम, आयरन और प्रोटीन अच्छी मात्रा में मौजूद होता है, जो बालों के झड़ने को कम करने और नई ग्रोथ को सपोर्ट करने में मदद करता है. ये बीज स्कैल्प को पोषण देकर बालों को मजबूत बनाते हैं. आप इन्हें हल्का रोस्ट करके स्नैक की तरह, सलाद या सूप में मिलाकर आसानी से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं.

बालों को दें गहराई से पोषण
अलसी के बीज ओमेगा-3 फैटी एसिड का बेहतरीन स्रोत हैं, जो बालों के रोमों को अंदर से पोषण देते हैं. इनमें मौजूद लिग्नन्स और एंटीऑक्सीडेंट्स बालों को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं और स्कैल्प की सेहत सुधारते हैं. नियमित रूप से अलसी के बीज खाने से बालों की लंबाई बढ़ाने और उन्हें शाइनी बनाने में मदद मिल सकती है. आप अलसी को पीसकर स्मूदी, दही या सलाद में मिलाकर सेवन कर सकते हैं.

सिर्फ वजन घटाने के लिए नहीं
चिया सीड्स का नाम आते ही ज्यादातर लोग वजन घटाने के बारे में सोचते हैं, लेकिन ये बालों के लिए भी बेहद फायदेमंद हैं. चिया सीड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो स्कैल्प को हेल्दी रखने और बालों की ग्रोथ को तेज करने में मदद करते हैं. ये बालों को अंदर से पोषण देकर उन्हें टूटने से बचाते हैं. चिया सीड्स को आप पानी में भिगोकर, स्मूदी या दही के साथ आसानी से खा सकते हैं.

बेहतर नतीजों के लिए अपनाएं सही आदतें
इन बीजों का नियमित सेवन तभी असर दिखाता है, जब आप संतुलित आहार, पर्याप्त पानी और हेल्दी लाइफस्टाइल को भी अपनाएं. साथ ही, बालों पर केमिकल-युक्त प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कम करें और नेचुरल हेयर केयर रूटीन अपनाएं. सही पोषण और अच्छी आदतों के साथ ये बीज आपके बालों को लंबा, घना और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.

 

Read more!

RECOMMENDED