ओडिशा के गंजाम जिले के चिकिटी गढ़ स्थित रतनेई मंदिर में उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदिर के अंदर करीब 12 फीट लंबा विशाल किंग कोबरा दिखाई दिया. बुधवार शाम की पूजा के लिए मंदिर पहुंचे पुजारी ने जैसे ही दरवाजा खोला, उनकी नजर मंदिर के अंदर मौजूद विशाल सांप पर पड़ी. सांप को देखते ही पुजारी डर गए और मंदिर के अंदर जाने के बजाय तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी.
मंदिर में सांप देखकर घबरा गए पुजारी-
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है. चिकिटी ब्लॉक के पीछे स्थित रत्नेश्वरी/रतनेई मंदिर में पूजा के लिए पुजारी पहुंचे थे. उन्होंने मंदिर का दरवाजा खोला तो अंदर एक बेहद बड़ा सांप दिखाई दिया. सांप की मौजूदगी का पता चलते ही पुजारी घबरा गए और उन्होंने मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं किया.
वन विभाग को दी गई जानकारी-
इसके बाद पुजारी ने तुरंत चिकिटी वन विभाग को इसकी जानकारी दी. वन विभाग से सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्नेक हेल्पलाइन के सदस्य रामचंद्र साहू और उनके सहयोगी जगन्नाथ साहू मौके पर पहुंचे. स्नेक हेल्पलाइन की टीम ने काफी सावधानी से सांप को पकड़ने का प्रयास शुरू किया.
एक घंटे की मशक्कत के बाद सांप पर काबू पाया गया-
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों ने विशाल सांप को काबू में कर लिया. चूंकि घटनास्थल देवी माँ का मंदिर था, लिहाजा स्नेक हेल्पलाइन के सदस्यों ने जूते तो पहने लेकिन उस पर बोरे भी पहने ताकि मंदिर की स्वच्छता और भक्तों की भावनाओं को ठेस न पहुंचे. जूते पहनने का उद्देश्य यह भी था कि अगर सांप किसी वजह से पैरों पर हमला भी करता है तो स्नेक हेल्पलाइन के सदस्यों को कोई आघात न पहुंचे.
ढोल की आवाज सुनता रहा सांप-
इस बीच एक और अनोखा दृश्य ऐसा भी सामने आया जब सांप ढोल की आवाज को गौर से सुनता नजर आया. ऐसा लग रहा था मानो सांप ने अपने अस्तित्व से इतर कोई हरकत कर दी हो और बिन छोड़ ढोल को अपने मनोरंजन का आधार बना लिया हो.
पकड़ा गया 12 फीट लंबा सांप-
स्नेक हेल्पलाइन द्वारा पकड़ा गया सांप करीब 12 फीट लंबा किंग कोबरा था. सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ने के बाद उसे मंदिर से दूर ले जाया गया और जंगल में छोड़ दिया गया. मंदिर के अंदर अचानक इतने बड़े और जहरीले सांप के मिलने से आसपास के लोगों में भी डर का माहौल बन गया था. हालांकि, स्नेक हेल्पलाइन सदस्यों के समय पर पहुंचने और सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने के बाद स्थिति सामान्य हो गई.
ये भी पढ़ें: