गैस की किल्लत को देखते हुए अब चोर भी सोना-चांदी छोड़कर सिलेंडर को निशाना बना रहे हैं. यूपी के बस्ती जिले से एक अजीबो गरीब चोरी का मामला सामने आया है जहां एक घर में रखे भरे सिलेंडर को चोर बड़ी आसानी से आता है सिलेंडर उठाता है और लेकर चंपत हो जाता है. घटना का वीडियो CCTV फुटेज सोशल मीडिया वायरल हो रहा है. फिलहाल CCTV के आधार पर कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है.
सिलेंडर लेकर चंपत हुए चोर
दरअसल कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा मुहल्ले में एक गिरोह ने दिनदहाड़े घर के बाहर रखे भरे हुए गैस सिलेंडर को अपना निशाना बनाया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोग अपने सामान को लेकर परेशान दिख रहे हैं. सिलेंडर चोरी की घटना के बाद पीड़ित काफी आहत है कि अब उसके घर चूल्हा कैसे जलेगा. पीड़ित का कहना है कि गैस की किल्लत के बाद बड़ी मुश्किल से उन्हें भरा सिलेंडर मिला था, मगर चोर ने उस पर हाथ साफ कर दिया.
लाइन में लगकर लिया था नया सिलेंडर
पीड़ित राहुल पाल ने बताया कि उन्होंने गैस एजेंसी पर लंबी लाइन में लगकर कड़ी मशक्कत के बाद नया सिलेंडर लिया था. घर पहुंचने के बाद उन्होंने सिलेंडर को सुरक्षित करने के लिए बाहर रखा, लेकिन इसी बीच चोरों ने हाथ साफ कर दिया. राहुल ने बताया कि सिलेंडर के चोरी होने से उन्हें न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि उन्हें दोबारा गैस के लिए वही लंबी प्रक्रिया अपनानी पड़ेगी, जो बेहद कष्टदायक है.
पहले से ही रेकी कर रहा था चोर
घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों ने इसे सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया. पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज से साफ हो रहा है कि आरोपी पहले से ही इलाके की रेकी कर रहा था. फुटेज में देखा जा सकता है कि मौका मिलते ही संदिग्ध युवक बड़ी चतुराई से घर के आंगन में प्रवेश करता है और सिलेंडर उठाकर चंपत हो जाता है. चोरों की बेखौफ हरकत से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है.
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है. पुलिस के अनुसार, फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रहा है. इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा.
रिपोर्ट-संतोष कुमार सिंह
ये भी पढ़ें