भालू की ड्रेस पहनकर जू में करनी है मस्ती, सैलरी मिलेगी 14 लाख, जानिए कहां निकली अनोखी भर्ती

जू के प्रवक्ता का कहना है कि अगर कोई कर्मचारी सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हो जाता है, तो उसकी कमाई सालाना तय सैलरी से भी ज्यादा हो सकती है.

bear costume job viral: AI Generated
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 26 जून 2026,
  • अपडेटेड 3:57 PM IST

चीन में एक चिड़ियाघर ऐसे लोगों को नौकरी पर रखने की योजना बना रहा है जो काले भालू की ड्रेस पहनकर परिसर में घूम सकें और पर्यटकों का मनोरंजन करें. इस अनोखी नौकरी के लिए सालाना करीब 14 लाख रुपये (1 लाख युआन) की सैलरी दी जाएगी. खास बात यह है कि काम के दौरान बात करने की भी मनाही होगी.

चिड़ियाघर ने निकाली भालू बनने की अनोखी नौकरी
यह भर्ती चीन के हेनान प्रांत के लुओहे शहर स्थित लुओहे वाइल्डलाइफ जू ने निकाली है. 13 जून को जारी इस जॉब विज्ञापन में ऐसे लोगों की तलाश है, जो काले भालू की कॉस्ट्यूम पहनकर पूरे चिड़ियाघर में घूमें और आने वाले पर्यटकों के साथ मजेदार अंदाज में बातचीत किए बिना इंटरैक्ट करें. यह विज्ञापन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया.

क्या-क्या करना होगा?
ये नौकरी करने वाले व्यक्ति को भालू की ड्रेस पहनकर रोज करीब 6 घंटे की शिफ्ट करनी होगी. महीने में चार दिन की छुट्टी भी मिलेगी. सबसे दिलचस्प नियम यह है कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारी बोल नहीं सकेगा. जरूरत पड़ने पर सिर्फ भालू जैसी आवाज निकाल सकता है. केवल किसी इमरजेंसी या मदद की स्थिति में ही बोलने की अनुमति होगी.

पर्यटक जो खिलाएं, उसे खाना होगा
जू प्रशासन ने जॉब प्रोफाइल में एक और मजेदार शर्त रखी है. अगर कोई पर्यटक खाने-पीने की कोई चीज ऑफर करता है, तो कर्मचारी को उसे स्वीकार करना होगा. यानी इस नौकरी में खाने को लेकर नखरे नहीं चलेंगे.

थक जाएं तो सो जाओ, मन करे तो पेड़ पर चढ़ जाओ
विज्ञापन में इस नौकरी को जू की 'सबसे फ्री जॉब' बताया गया है. जू प्रशासन के मुताबिक अगर कर्मचारी थक जाए तो आराम से लेट सकता है. अगर ऊर्जा महसूस हो रही हो तो पेड़ पर चढ़ सकता है, डांस कर सकता है, उछल-कूद कर सकता है या मछली पकड़ने की एक्टिंग भी कर सकता है. जितनी अजीब हरकतें होंगी, उतने ही ज्यादा लोग आकर्षित होंगे.

एक्सट्रोवर्ट और इंट्रोवर्ट, दोनों कर सकते हैं आवेदन
इस नौकरी के लिए महिला और पुरुष दोनों आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए और वह शारीरिक रूप से फिट होना चाहिए. चूंकि बोलना नहीं है, इसलिए जू का कहना है कि यह नौकरी एक्सट्रोवर्ट और इंट्रोवर्ट दोनों तरह के लोगों के लिए है.

कुछ ही दिनों में भर गईं सभी सीटें
जू के अनुसार भर्ती का विज्ञापन आते ही 100 से ज्यादा लोगों ने आवेदन कर दिया और कुछ ही दिनों में सभी पद भर गए. जू के प्रवक्ता का कहना है कि अगर कोई कर्मचारी सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हो जाता है, तो उसकी कमाई सालाना तय सैलरी से भी ज्यादा हो सकती है.

सोशल मीडिया पर आए मजेदार रिएक्शन
इस अनोखी नौकरी को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने भी खूब मजे लिए. एक यूजर ने लिखा, 'हेनान की गर्मी में भालू की ड्रेस पहनना आसान नहीं होगा.' वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, 'पूरा दिन बिना बोले रहना शायद नौकरी का सबसे मुश्किल हिस्सा होगा.' कुछ लोगों ने इसे युवाओं के लिए दिलचस्प अवसर बताया, जबकि कुछ ने चिंता जताई कि इससे बच्चों में जंगली जानवरों को लेकर गलत संदेश भी जा सकता है.
 

 

Read more!

RECOMMENDED