Advertisement

बिहार में चलती ट्रेन की खिड़की से बाहर लटका दिया ट्रंक...सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो तो जागा रेलवे

वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए रेलवे सेवा (Railway Seva) ने सोशल मीडिया पर यूजर से स्टेशन का नाम, ट्रेन नंबर और अन्य जानकारी साझा करने की अपील की है.

Railway Viral Video
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 05 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:32 PM IST

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें चलती ट्रेन के कोच की खिड़की से एक बड़ा सा लोहे का ट्रंक टंगा हुआ दिख रहा है. वीडियो सामने आने के बाद भारतीय रेलवे ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है और मामले की जानकारी मांगी है.

चलती ट्रेन में खतरनाक लापरवाही
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के एक कोच की खिड़की से एक विशाल धातु का ट्रंक बाहर निकला हुआ है. अंदर बैठे दो यात्री उसे पकड़कर संभालने की कोशिश कर रहे हैं. वीडियो किसी प्लेटफॉर्म से रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है, जिसमें एक व्यक्ति 'ये बिहार है' कहते हुए सुनाई देता है. इस घटना ने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर दिया है.

सोशल मीडिया पर लोगों की नाराजगी
वीडियो वायरल होते ही लोगों ने रेलवे सुरक्षा को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कई यूजर्स ने इसे बेहद खतरनाक बताया और कहा कि ऐसी लापरवाही किसी बड़े रेल हादसे को न्योता दे सकती है.

लोग बोले-रेलवे वाले कहां गये??
एक यूजर ने रेलवे को टैग करते हुए पूछा कि क्या इस तरह की घटना पर तुरंत कार्रवाई नहीं होनी चाहिए. वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि रेलवे में भारी सामान ले जाने के लिए पार्सल सेवा उपलब्ध है, फिर भी लोग नियमों की अनदेखी क्यों कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, लापरवाही का दूसरा नाम ही बिहार है. बिहार का इतना बढ़िया इतिहास रहा है पर अब ये लोग गंद फैलाने का काम कर रहे हैं. मुझे पहले बिहार बहुत ज्यादा पसंद था पर अब बिलकुल भी अच्छा नहीं लगता. वहीं एक ने लिखा, रेलवे वाले कहाँ गये?? उनको दिखाई नहीं दे रहा है क्या.

 

रेलवे नियमों पर उठे सवाल
कई लोगों ने रेलवे स्टाफ की भूमिका पर भी सवाल उठाए. यूजर्स का कहना है कि स्टेशन मास्टर, टीटीई और आरपीएफ को इस तरह की घटनाओं पर ध्यान देना चाहिए था. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसे रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था में चूक बताया. रेलवे नियमों के अनुसार भारी और बड़े सामान को यात्री कोच में ले जाना सुरक्षित नहीं माना जाता. इसके लिए पार्सल सेवा का उपयोग किया जा सकता है, जिसमें अलग से सामान ढोने की व्यवस्था होती है.

रेलवे ने क्या कुछ कहा?
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए रेलवे सेवा (Railway Seva) ने सोशल मीडिया पर यूजर से स्टेशन का नाम, ट्रेन नंबर और अन्य जानकारी साझा करने की अपील की है. रेलवे ने कहा कि इस तरह की शिकायतों को RailMadad पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए भी दर्ज किया जा सकता है ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके.

दूसरा वीडियो भी सामने आया
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें बिहार की कुछ महिलाएं एक बड़े टिन के ट्रंक को ट्रेन में चढ़ाने की कोशिश करती दिख रही हैं. कई प्रयासों के बावजूद वे उसे ट्रेन में नहीं चढ़ा पातीं और ट्रेन आगे निकल जाती है. हालांकि दोनों वीडियो एक ही घटना से जुड़े हैं या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement