Advertisement

बकरा चोर गैंग के सरगना को लगी गोली, पुलिस मुठभेड़ के बाद बोला- अब कभी बकरा चोरी नहीं करूंगा, साथी अंधेरे में फरार

ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में पुलिस और बकरा चोरी करने वाले गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस पुलिस मुठभेड़ में गिरोह का सरगना पैर में गोली लगने से घायल हो गया.

Greater Noida Police Encounter
अरुण त्यागी
  • नोएडा,
  • 02 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 12:32 PM IST

बकरा चोरी करने के लिए पहले इलाके की रेकी करना, फिर मौका देखकर वारदात को अंजाम देना और चोरी के बकरों को दूसरे इलाकों में बेच देना. ग्रेटर नोएडा में एक गैंग इसी तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था. पुलिस से सामना हुआ तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें गैंग का सरगना पैर में गोली लगने से घायल हो गया. उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला. पकड़े जाने के बाद घायल बदमाश दर्द से कराहते हुए कहता दिखा- अब कभी बकरा चोरी नहीं करूंगा और न ही किसी गैंग के साथ रहूंगा. मामला जारचा थाना क्षेत्र का है.

चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध दिखे
पुलिस के मुताबिक, जारचा थाना क्षेत्र में प्यावली नहर के पास चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे. पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी.

इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की. इसी दौरान बदमाशों की मोटरसाइकिल लड़खड़ाकर गिर गई. बाइक गिरने के बाद भी दोनों ने पुलिस पर गोली चलाई. जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे पकड़ लिया. दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

संभल का रहने वाला है गैंग का सरगना
मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान कमलू उर्फ कमल उर्फ कल्लू के रूप में हुई है. वह संभल का रहने वाला है. पुलिस ने उसे घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया बदमाश गिरोह का सरगना है. उसके खिलाफ अलग-अलग जिलों में चोरी के एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस उसके दूसरे आपराधिक मामलों की जानकारी भी जुटा रही है.

रेकी करके चुराते थे बकरे, दूसरे इलाकों में बेचते थे
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी संतोष शुक्ला ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का बदमाश है. वह गिरोह बनाकर बकरा चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. गैंग के सदस्य पहले मोटरसाइकिल से अलग-अलग इलाकों में घूमकर रेकी करते थे. इसके बाद मौका देखकर बकरों को चोरी कर लेते थे. चोरी किए गए बकरों को दूसरे इलाकों में बेच दिया जाता था. उनसे मिलने वाली रकम को गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे. पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है.

तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के पास से बकरे बेचकर मिले रुपए, तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने अब तक कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी के बकरे कहां-कहां बेचे जाते थे.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement