गर्मी के मौसम में दूध का जल्दी खराब होना एक आम बात है, जिससे कई लोग परेशान रहते हैं. दूध के खराब होने की वजह होती है अधिक तापमान में दूध को लंबे समय तक रखना. ऐसा करने से उसमें मौजूद नेचुरल बैक्टीरिया एक्टिव हो जाते हैं, जो दूध को तेजी से फर्मेंट कर देते हैं.
कच्चे दूध में पाए जाने वाले लैक्टिक एसिड बैक्टीरिया नॉर्मल तौर पर किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाते. लेकिन गर्मी में ये तेजी से बढ़कर दूध का pH लेवल गिरा देते हैं. दूध का pH आमतौर पर लगभग 6.6 होता है, वहीं समय के साथ यह घटकर 5 तक पहुंच सकता है, जिससे दूध फटने लगता है. pH लेवल गिरने से दूध एसिडिक नेचर की तरफ जाता है. जिसके कारण यह फटता है. ऐसे में सवाल यही उठता है कि दूध को फटने से कैसे बचाया जाए. तो इसके लिए आप इन उपाय को अपना सकते है.
दूध को लेकर इन बातों का रखें ध्यान
गर्मियों में दूध को सेफ रखने के लिए कुछ आसान लेकिन जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए. जैसे दूध को 1–2 घंटे से ज्यादा कमरे के तापमान पर न छोड़ें. पैकेट वाला दूध पहले से पैशचुराज होता है, इसलिए उसे बार-बार या ज्यादा देर तक उबालना सही नहीं है, इससे उसके फटने की चांस बढ़ जाते हैं. दूध का पैकेट खोलने के बाद उसे 2 से 3 दिनों के अंदर ही इस्तेमाल कर लें. साथ ही जरूरत से ज्यादा दूध न खरीदें. इससे उसे लंबे समय तक स्टोर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
किस तरह करें स्टोर
दूध को हमेशा उबालकर ठंडा होने के बाद ही फ्रिज में रखें. स्टोर करते समय कांच या स्टील के बर्तन का इस्तेमाल करें. ऐसा करने से दूध की गुणवत्ता बनी रहती है. लेकिन दूध को फ्रिज में ज्यादा दिन तक स्टोर करने से उसमें बैक्टीरिया पैदा हो सकता है, जिससे वह खट्टा हो जाता है.
डाल दें एक चुटकी जादू वाला पाउडर
अगर आप चाहते हैं कि दूध जल्दी न फटे, तो उबालते समय उसमें एक चुटकी बेकिंग सोडा मिला दें. यह दूध के pH लेवल को बैलेंस्ड रखने में मदद करता है. लेकिन सोडा का इस्तेमाल बहुत कम मात्रा में ही करें, ज्यादा बेकिंग सोडा डालने से दूध का स्वाद खराब हो सकता है. जिससे वह इस्तेमाल करने लायक नहीं रहता है.