करवा चौथ की शाम हमीरपुर के एक परिवार के लिए जिंदगी का सबसे दुखद दिन बन गई. घर में पति की लंबी उम्र की कामना के साथ व्रत और पूजा की तैयारियां चल रही थीं. आरती भी पूरे दिन निर्जला व्रत रखने के बाद चांद निकलने का इंतजार कर रही थी. शाम को वह अपनी सास और देवरानी के साथ चांद देखने और पूजा करने के लिए छत पर पहुंची. इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह छत से नीचे गिर गई. परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जिस चांद को देखकर आरती अपना व्रत खोलने वाली थी, उसी रात परिवार में खुशियों की जगह मातम छा गया.
पति की लंबी उम्र के लिए रखा था व्रत
यह हादसा उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के ललपुरा थाना क्षेत्र के रूरीपरा गांव में हुआ. यहां रहने वाले नीतेश द्विवेदी की पत्नी आरती (करीब 30 साल) ने करवा चौथ का व्रत रखा था. परिवार के मुताबिक, आरती ने पूरे दिन निर्जला व्रत किया था. शाम को चांद निकलने के बाद उसे पूजा करनी थी और फिर व्रत खोलना था.
इसके लिए वह अपनी सास और देवरानी के साथ घर की छत पर गई थी. परिवार के लोग त्योहार की तैयारियों में जुटे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में घर में ऐसा हादसा हो जाएगा.
पैर फिसलने से नीचे गिरी
बताया जा रहा है कि छत पर चांद देखने और पूजा करने के दौरान अचानक आरती का संतुलन बिगड़ गया. पैर फिसलने से वह नीचे गिर गई. गिरने के बाद वह बेहोश हो गई. यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई.
परिजन बिना देर किए उसे जिला अस्पताल हमीरपुर लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आरती को मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव के लोग अस्पताल पहुंचने लगे.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आरती की मौत से पति नीतेश और उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. आरती का एक छह साल का बेटा है. जिस मां ने उसके साथ त्योहार मनाने की तैयारी की थी, वह अब उसके बीच नहीं रही.
करवा चौथ पर आमतौर पर घरों में पूजा, सजावट और चांद निकलने का इंतजार रहता है, लेकिन रूरीपरा गांव में इस परिवार के लिए त्योहार मातम में बदल गया. जिस घर में कुछ देर पहले व्रत खोलने की तैयारी हो रही थी, वहां अब अपनों को खोने का गम है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2026 को जिला अस्पताल हमीरपुर से मेमो के जरिए ललपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी. सूचना में बताया गया कि आरती पत्नी नीतेश कुमार, निवासी रूरीपरा को छत से गिरने के बाद घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
-नाहिद अंसारी की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें