Advertisement

बाइक को लेकर बवाल, बीच सड़क भिड़ गए पति-पत्नी, Video Viral

यूपी के हरदोई में महिला थाने के बाहर कपल में जमकर बवाल हुआ. पति-पत्नी में दहेज में मिली बाइक को लेकर विवाद हुआ. बीच सड़क पर मारपीट की नौबत आ गई. हालांकि बाद में पुलिस ने दोनों में समझौता कराया और अब मामला शांत हो गया है.

Hardoi News
प्रशांत पाठक
  • हरदोई,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:49 AM IST

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के महिला थाने के बाहर सोमवार को पति-पत्नी के बीच जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. दहेज में मिली बाइक के मालिकाना हक और उसकी चाबी को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर एक-दूसरे का कॉलर पकड़कर खींचतान शुरू हो गई. मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. जब इसकी जानकारी पुलिस को लगी तो वो दोनों को कोतवाली ले गई, जहां बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

3 महीने पहले हुई थी शादी-
हरियावां थाना क्षेत्र के नेवादा सातन गांव निवासी रेशमा देवी का विवाह 20 अप्रैल को शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद निवासी सचिन कुमार से हुआ था. रेशमा का आरोप है कि शादी में उसके पिता ने 5 लाख रुपये नकद और एक बाइक दी थी. इसके बावजूद ससुराल पक्ष कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता रहा. 

बाइक को लेकर बवाल-
पीड़िता का कहना है कि 27 जून को उसके साथ मारपीट की गई और कुछ दिन पहले पति उसे मायके छोड़कर चला गया. रेशमा की शिकायत पर दोनों पक्षों को काउंसलिंग के लिए महिला थाने बुलाया गया था. बातचीत के बाद बाहर निकलते ही रेशमा ने अपने नाम पर पंजीकृत बाइक वापस मांगी. इसी बात पर विवाद बढ़ गया और दोनों सड़क पर भिड़ गए. सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया. दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

अब कोई विवाद नहीं- पुलिस
हरदोई सीओ सीटी अजीत सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर पति-पत्नी के बीच मारपीट का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस संबंध में अवगत कराना है कि महिला थाना हरदोई पर ऑनलाइन एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस संबंध में दिनांक 13 जुलाई 2026 को पति-पत्नी को समझौते के लिए थाने पर बुलाया गया था. लेकिन कोई समझौता नहीं हो पाया. बाहर निकलने के बाद मोटरसाइकिल को लेकर के इनमें मारपीट होने लगी. जिसके बाद तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों को कोतवाली सिटी ले जाया गया, जहाँ इन दोनों के बीच में अब समझौता हो गया है, किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement