उत्तर प्रदेश के हरदोई में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, 8 दिन की बातचीत, फिर मंदिर में शादी और करीब ढाई साल तक साथ रहने वाली प्रेम कहानी का अंत ऐसा हुआ कि युवक को जिंदगी भर का जख्म मिल गया. युवक को धोखे से महिला के गांव बुलाया गया और उसका सिर मुंडवा दिया गया. इसके साथ ही जूतों की माला पहनाया गया.
सिर मुंडवाया, जूतों की माला पहनाई-
आरोप है कि 9 बच्चों की मां सोनिया यादव को चौथे व्यक्ति से संपर्क को लेकर उसके तीसरे पति नरेंद्र (37) ने टोका तो विवाद बढ़ गया. इसके बाद महिला ने अपने दूसरे पति मुन्ना यादव के साथ मिलकर नरेंद्र को धोखे से खुर्रमपुरवा गंगपुरा गांव बुलाया. दोनों ने उसे पकड़कर उसका आधा सिर मुंडवा दिया, आधी मूंछ काट दी और गले में जूतों की माला पहना दी. युवक को घंटों बंधक बनाकर रखा गया.
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में वह हाथ जोड़कर रोता-बिलखता और रहम की गुहार लगाता दिख रहा है, जबकि आरोपी पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे. 27 सितंबर की घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. इसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच करने में जुटी हुई है.
इंस्टाग्राम से हुई थी दोनों की दोस्ती-
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के डडोस कुसमरा गांव निवासी नरेंद्र के मुताबिक उसकी दोस्ती सोनिया यादव से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. दोनों के बीच करीब 8 दिन बातचीत चली. इसके बाद सोनिया उससे मिलने कन्नौज के गौरीघाट पहुंची, जहां से नरेंद्र उसे अपने साथ गुरुग्राम ले गया. नरेंद्र का दावा है कि करीब दो दिन बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली.
परिवार की नाराजगी के बाद भी तीसरी शादी-
परिवार की नाराजगी के बावजूद वह करीब ढाई साल तक सोनिया के साथ रहा. नरेंद्र के अनुसार सोनिया की पहली शादी से तीन बच्चे हैं. बाद में उसने खुर्रमपुरवा निवासी मुन्ना यादव से दूसरी शादी की, जिससे छह बच्चे हुए. इस तरह सोनिया के कुल नौ बच्चे हैं.
रिश्तों के बीच आया चौथा शख्स-
नरेंद्र ने बताया कि जुलाई 2026 में सोनिया की तबीयत खराब होने पर उसके कहने से वह उसे गौरीघाट छोड़ आया. इसके बाद भी दोनों संपर्क में रहे और गुरसहायगंज के एक होटल में तीन-चार बार मिले. नरेंद्र का दावा है कि सोनिया ने अलग-अलग मौकों पर उससे करीब 40 हजार रुपये भी लिए. 25 सितंबर को नरेंद्र बहादुरगढ़ से गुरसहायगंज पहुंचा और सोनिया से मिलाय इसी दौरान उसने उसका मोबाइल चेक किया. आरोप है कि मोबाइल में किसी चौथे व्यक्ति से बातचीत की जानकारी मिलने पर दोनों में विवाद हो गया. इसी दौरान करीब पांच महीने की गर्भावस्था की सफाई कराने की बात भी सामने आई.
गुस्से में नरेंद्र ने मारा थप्पड़-
गुस्से में नरेंद्र ने सोनिया को थप्पड़ मार दिया. नरेंद्र के मुताबिक इसके बाद सोनिया उसे खुर्रमपुरवा गांव ले आई और मुन्ना यादव के घर में रिश्तेदार बताकर ठहरा दिया. बाद में मुन्ना को दोनों के संबंध की जानकारी हो गई. आरोप है कि इसके बाद सोनिया और मुन्ना ने मिलकर नरेंद्र को पकड़ लिया. कैंची और उस्तरे से उसके आधे सिर के बाल मुंड दिए गए और आधी मूंछ काट दी गई. इसके बाद जूतों की माला पहनाकर उसे घंटों बंधक बनाकर रखा गया. घटना के दौरान नरेंद्र हाथ जोड़कर रोता रहा और रहम की भीख मांगता रहा. आरोप है कि इसके बावजूद उसकी मदद नहीं की गई और पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड किया गया. रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
एक्शन में पुलिस-
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. हरपालपुर के क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि घटना रविवार की है और वीडियो सोमवार को पुलिस के संज्ञान में आया. सीओ के मुताबिक पीड़ित नरेंद्र की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और मामले में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: