रसोई में अकसर ऐसा होता है कि पूड़ी, पकौड़े, या फ्राई चीजें बनाने के बाद तेल बच जाता है. कई बार वही तेल काला या जला हुआ सा दिखने लगता है और लोग समझ नहीं पाते कि इसे फेंकें या दोबारा इस्तेमाल करें. हर बार नया तेल इस्तेमाल करना जेब पर भी भारी पड़ सकता है, इसलिए अगर तेल बहुत ज्यादा खराब न हुआ हो, तो उसे सही तरीके से साफ करके दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है.
क्यों काला पड़ता है तेल
तेल का काला पड़ना एक सामान्य बात है. जब हम तेज आंच पर बार-बार कुछ तलते हैं, खासकर बेसन, ब्रेड क्रम्ब्स, मसालेदार या मैदे वाली चीजें, तो उनके छोटे-छोटे कण तेल में रह जाते हैं. यही कण दोबारा गर्म होने पर जलने लगते हैं और तेल का रंग काला कर देते हैं.
इसके अलावा बहुत देर तक हाई फ्लेम पर तेल रखना भी इसे जल्दी काला कर देता है. कई बार मसालों की वजह से भी तेल का रंग बदल जाता है. अगर तेल से बहुत तेज जली हुई गंध आने लगे, तब उसे दोबारा इस्तेमाल न करें और उसे फेंक दें.
इस तरह कर सकते हैं साफ
सबसे पहले तेल को पूरी तरह ठंडा होने दें. गर्म तेल को कभी भी तुरंत छानने की कोशिश न करें. जब यह नॉर्मल तापमान पर आ जाए, तब एक साफ बर्तन लें. अब एक महीन छलनी, सूती कपड़ा या कॉफी फिल्टर की मदद से तेल को छान लें. इससे उसमें मौजूद जले हुए छोटे कण अलग हो जाएंगे. अगर घर में मलमल का कपड़ा हो, तो वह और भी बेहतर रहेगा.
एक आसान घरेलू तरीका यह भी है कि गर्म तेल लेकर उसमें एक छोटा टुकड़ा कच्चा आलू का डाल दें. आलू जले हुए कणों और गंध को कुछ हद तक सोख लेता है. 1 से 2 मिनट बाद आलू निकाल दें और फिर तेल को छान लें. इसके बाद तेल को साफ, सूखी और ढक्कन वाली कांच की बोतल या स्टील कंटेनर में स्टोर करें.
फिर इन चीजों को पकाने के लिए तेल का करें इस्तेमाल
साफ किया हुआ तेल दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसे छोटे तलने के कामों में ही उपयोग करना बेहतर होता है. जैसे, पराठा या पूड़ी सेंकने में, सब्जी का तड़का लगाने में, नमकीन या स्नैक्स हल्का फ्राई करने में, आलू, पनीर या कटलेट शैलो फ्राई करने में.
इस तरह थोड़ा सा ध्यान रखकर आप जले हुए तेल को सुरक्षित तरीके से दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं और खाना भी स्वादिष्ट बना सकते हैं.
ये भी पढ़ें