Advertisement

Credit Card: समय पर भर रहे क्रेडिट कार्ड का बिल! फिर भी स्कोर है खराब... लोन मिलने में हो रही मुश्किल, तो ये हो सकती है वजह

जिन लोगों के पास क्रेडिट कार्ड होता है, वह सोचते हैं कि अगर इसका बिल समय पर नहीं भरा तो क्रेडिट स्कोर खराब हो जाएगा. लेकिन बता दें कि अगर आप क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर भी भरते हैं, तब भी आपके क्रेडिट स्कोर के खराब होने के चांस रहते हैं.

Credit Card
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 18 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:34 PM IST

क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर भरना एक अच्छी आदत है. इससे आपको कर्ज चुकाने में परेशानी नहीं होती और आपका क्रेडिट रिकॉर्ड भी अच्छा बना रहता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर महीने पूरा बिल भरने के बाद भी आपका क्रेडिट स्कोर गिर सकता है? सुनने में काफी हैरान करने वाली बात लग रही होगी, लेकिन यह सच है. इसकी कई वजहें हो सकती हैं. इनमें क्रेडिट लिमिट का ज्यादा इस्तेमाल, बार-बार नए कार्ड के लिए आवेदन करना और ईएमआई में देरी शामिल हैं.  चलिए बताते हैं कि ऐसा क्यों होता है और क्रेडिट स्कोर को बेहतर रखने के लिए क्या करना चाहिए.

क्रेडिट कार्ड की लिमिट का ज्यादा इस्तेमाल

क्रेडिट स्कोर गिरने की एक बड़ी वजह क्रेडिट कार्ड की लिमिट का ज्यादा इस्तेमाल करना है. मान लीजिए कि आपके कार्ड की लिमिट 1 लाख रुपए है और आप हर महीने 70 से 80 हजार रुपए खर्च करते हैं. भले ही आप पूरा बिल समय पर भर दें, लेकिन बैंक की ओर से क्रेडिट ब्यूरो को भेजी गई जानकारी में आपका ज्यादा खर्च दिख सकता है. इससे स्कोर पर असर पड़ सकता है. इसलिए कोशिश करें कि कुल क्रेडिट लिमिट का 30 फीसदी से कम हिस्सा इस्तेमाल करें.

कम समय में कई कार्ड के लिए आवेदन

अगर आप थोड़े समय में कई क्रेडिट कार्ड या लोन के लिए आवेदन करते हैं, तो आपका क्रेडिट स्कोर प्रभावित हो सकता है. हर आवेदन पर बैंक आपकी क्रेडिट रिपोर्ट की जांच कर सकता है. जिससे आपकी आर्थिक स्थिति को कमजोर समझा जा सकता है, या फिर आपको ऐसे लोगों में शुमार किया जा सकता है जो जिंदगी क्रेडिट पर चलाते हों. ऐसे लोगों के साथ अक्सर समय पर बिल न चुका पाने का डर रहता है. कम समय में ऐसी कई जांच होने से आपका स्कोर कुछ कम हो सकता है. इसलिए जरूरत होने पर ही नए कार्ड या लोन के लिए आवेदन करें.

ईएमआई समय पर न भरना

कई लोग क्रेडिट कार्ड का बिल तो समय पर भरते हैं, लेकिन पर्सनल लोन, होम लोन या दूसरी ईएमआई चुकाने में देरी कर देते हैं. इसका असर भी क्रेडिट स्कोर पर पड़ सकता है. इससे साफ दिखता है आप कुछ बिल को चुका पा रहे हैं, लेकिन अभी भी आर्थिक स्थिति ऐसे है जिसके चलते और किस्ते लंबित हैं. इसलिए सभी कर्ज की किस्तें तय तारीख पर भरना जरूरी है.

पुराना क्रेडिट कार्ड बंद करना

पुराना क्रेडिट कार्ड बंद करने से आपकी कुल क्रेडिट लिमिट कम हो सकती है. इससे इस्तेमाल की गई लिमिट का रेशियो बढ़ सकता है. मान लीजिए, आपके दो कार्डों की लिमिट ₹1 लाख और ₹50,000 है. कुल लिमिट ₹1.5 लाख हुई. अगर आप ₹1 लाख वाला कार्ड बंद कर देते हैं और ₹30,000 का बकाया बाकी है, तो क्रेडिट लिमिट इस्तेमाल करने का अनुपात 20% से बढ़कर 60% हो जाएगा. इससे आपके क्रेडिट स्कोर पर नेगेटिव असर पड़ सकता है.

पुराना कार्ड आपके क्रेडिट इतिहास का हिस्सा होता है. उसे बंद करने से आपके क्रेडिट रिकॉर्ड पर असर पड़ सकता है. हालांकि, कार्ड बंद होते ही उसका पूरा इतिहास तुरंत खत्म हो जाए, ऐसा जरूरी नहीं है. इसका असर क्रेडिट ब्यूरो और स्कोरिंग मॉडल के नियमों पर निर्भर करता है.

क्रेडिट रिपोर्ट में गलत जानकारी

कभी-कभी क्रेडिट रिपोर्ट में गलत बकाया रकम, गलत भुगतान या एक ही कर्ज की दो बार जानकारी दर्ज हो सकती है. ऐसी गलतियों से आपका स्कोर प्रभावित हो सकता है. इसलिए समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट जांचें और गलती मिलने पर बैंक या संबंधित क्रेडिट ब्यूरो से शिकायत करें.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement