गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में खरबूजे की भरमार हो जाती है. ठंडक देने वाला यह फल स्वाद और सेहत दोनों के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन सही खरबूजा चुनना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. कई बार बाहर से अच्छा दिखने वाला खरबूजा अंदर से फीका या कच्चा निकल जाता है. ऐसे में कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर आप हर बार मीठा और रसदार खरबूजा चुन सकते हैं. आइए जानते हैं ये सरल और कारगर तरीके.
धारियों से पहचानें पका खरबूजा
जब भी खरबूजा खरीदने जाएं, उसकी धारियों पर जरूर ध्यान दें. अगर दो धारियों के बीच लगभग दो उंगली जितना गैप है, तो यह संकेत है कि खरबूजा अच्छी तरह पका हुआ है. ऐसे फल अंदर से मीठे और रसदार होते हैं.
हल्का दबाकर करें जांच
खरबूजे को हल्के हाथ से दबाकर देखें. अगर यह थोड़ा सा दबता है, तो यह खाने के लिए सही है. लेकिन अगर बहुत ज्यादा नरम है और दबते ही धंस जाता है, तो वह खराब हो चुका हो सकता है. वहीं बहुत सख्त खरबूजा कच्चा हो सकता है.
वजन से लगाएं सही अंदाजा
खरबूजे को हाथ में उठाकर उसका वजन जरूर जांचें. हल्का खरबूजा अक्सर पका और मीठा होता है, जबकि बहुत भारी खरबूजा कई बार कच्चा निकल सकता है. इसलिए केवल आकार नहीं, वजन पर भी ध्यान दें.
रंग और जाल का रखें ध्यान
अच्छे खरबूजे पर भूरे रंग का जाल बना होता है. इसका रंग गहरा पीला या हल्का सुनहरा होना चाहिए. अगर खरबूजा हरा और चिकना दिखे, तो वह फीका या कच्चा हो सकता है.
डंठल से भी मिलती है जानकारी
खरबूजे के डंठल को हल्का दबाकर देखें. अगर यह नरम लगे, तो फल पका हुआ है. नीचे का हिस्सा थोड़ा गहरा रंग का होना चाहिए. बहुत हल्का या सफेद हिस्सा इस बात का संकेत हो सकता है कि उसे केमिकल से पकाया गया है.
खुशबू से पहचानें मिठास
पका हुआ खरबूजा हल्की मीठी खुशबू देता है. अगर सूंघने पर अच्छी महक आए, तो समझ लें कि यह अंदर से भी स्वादिष्ट होगा. अगर कोई खास खुशबू न आए या अजीब गंध हो, तो उसे न खरीदें.
साफ और बिना दाग वाला फल चुनें
खरबूजे को हर तरफ से ध्यान से देखें. कहीं छेद, कट या सड़ा हुआ हिस्सा न हो. बाहर से ठीक दिखने वाला फल भी अंदर से खराब हो सकता है, इसलिए सावधानी जरूरी है.
ये भी पढ़ें: