दिवाली पर घर की सफाई तो आपने भी शुरू कर दी होगी. पर्दों से लेकर फर्श और किचन तक, हर कोने को चमकाने की तैयारी चल रही होगी. लेकिन इस साफ-सफाई के बीच घर का सोफा अक्सर नजरअंदाज हो जाता है. रोजाना इस्तेमाल होने की वजह से इसके कपड़े पर धूल जम जाती है. कहीं चाय-कॉफी के दाग हैं तो कहीं खाने के छोटे टुकड़े और बाल फंसे हुए हैं.
किचन में मौजूद 5 चीजों से करें सोफे की सफाई
ऐसे में सोफा साफ करने के लिए वैक्यूम क्लीनर या प्रोफेशनल क्लीनिंग की जरूरत महसूस होती है. लेकिन अगर आपके पास वैक्यूम क्लीनर नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं. घर में मौजूद कुछ आम चीजों की मदद से आप कपड़े वाले सोफे की सफाई खुद कर सकते हैं. आइए जानते हैं 5 आसान तरीके, जिनसे दिवाली से पहले आपका सोफा भी साफ-सुथरा नजर आएगा.
बेकिंग सोडा: सोफे पर बेकिंग सोडा छिड़ककर 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद मुलायम सूखे ब्रश से साफ करें. इससे सोफे की हल्की बदबू कम करने में मदद मिल सकती है.
सफेद सिरका: एक कप पानी में थोड़ा सफेद सिरका मिलाएं. इसमें कपड़ा भिगोकर निचोड़ लें और दाग वाली जगह पर हल्के हाथों से थपथपाएं. इससे कुछ दाग साफ हो सकते हैं.
डिशवॉश लिक्विड: एक कटोरी पानी में डिशवॉश की कुछ बूंदें मिलाएं. मुलायम कपड़े को इसमें भिगोकर निचोड़ें और सोफे के दाग साफ करें. बाद में साफ नम कपड़े से पोंछ दें.
कॉर्नफ्लोर: सोफे पर तेल या चिकनाई गिर जाए तो उस जगह कॉर्नफ्लोर छिड़कें. इसे 15-20 मिनट छोड़ दें. इसके बाद सूखे मुलायम ब्रश से साफ कर लें. यह अतिरिक्त तेल सोखने में मदद करता है.
हल्का डिश सोप: सोफे पर खाने-पीने के हल्के दाग हों तो पानी में थोड़ा डिश सोप मिलाएं. साफ कपड़े को घोल में भिगोकर निचोड़ें और दाग वाली जगह थपथपाएं. आखिर में साफ कपड़े से साबुन हटा दें.
सोफे की सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान
सफाई शुरू करने से पहले सोफे के किसी छिपे हुए हिस्से पर क्लीनिंग घोल की जांच करें.
सोफे पर सीधे पानी या सफाई का घोल न डालें.
गीले सोफे पर दोबारा न बैठें. पहले उसे पूरी तरह सूखने दें.
रेशमी, वेलवेट या खास तरह के कपड़े वाले सोफे पर घरेलू नुस्खे इस्तेमाल करने से बचें.
सोफे के निर्माता की सफाई संबंधी सलाह को प्राथमिकता दें.
ये भी पढ़ें: