घर का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला हिस्सा किचन होता है लेकिन यही सबसे जल्दी गंदा भी होता है. खासकर किचन स्लैब जहां तेल, मसाले और पानी की वजह से चिपचिपाहट आ जाती है. कई बार रोज साफ करने के बाद भी स्लैब पर चिकनाई बनी रहती है, या स्लैब का रंग फींका पड़ने लगता है, जो न सिर्फ देखने में खराब लगता है बल्कि बैक्टीरिया का खतरा भी बढ़ जाता है. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो महंगे क्लीनर खरीदने की जरूरत नहीं है. आपके किचन में ही मौजूद कुछ चीजों से आप स्लैब को आसानी से साफ कर सकते हैं. इन घरेलू और असरदार घरेलू नुस्खों से आपका किचन स्लैब फिर से नया जैसा दिखने लगेगा.
नींबू और नमक का जादू
नींबू एक प्राकृतिक क्लीनर है और नमक हल्का स्क्रबर का काम करता है. एक नींबू को बीच से काट लें और उस पर थोड़ा नमक डालें. अब इसे स्लैब पर रगड़ें, खासकर जहां ज्यादा चिकनाई हो. 5 मिनट बाद गीले कपड़े में सर्फ लगाकर पोंछ लें. इससे स्लैब न सिर्फ साफ होगा बल्कि उसमें ताजगी भी आएगी.
बेकिंग सोडा और सिरका से करें सफाई
यह तरीका जिद्दी दाग और चिपचिपाहट के लिए बेहद कारगर है. पहले स्लैब पर बेकिंग सोडा छिड़कें, फिर उस पर थोड़ा सफेद सिरका डालें. कुछ सेकंड में झाग बनने लगेगा. 5-10 मिनट बाद स्क्रबर या कपड़े से हल्के हाथ से रगड़ें और साफ पानी से पोंछ लें. स्लैब चमक उठेगा.
डिशवॉश लिक्विड और गर्म पानी
एक बाउल में गर्म पानी लें और उसमें कुछ बूंदें डिशवॉश लिक्विड मिलाएं. इस घोल में कपड़ा डुबोकर स्लैब को अच्छी तरह पोंछें. इससे स्लैब एकदम चमक जाएगा. आप हर दो तीन दिन पर इस तरह से सफाई कर सकते हैं. इससे आपको हफ्ते में एक दिन डीप क्लीनिंग की जरूरत भी नहीं पड़ेगी.
सिरका से बनाएं क्लीनिंग स्प्रे
सिरका बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करता है. एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में पानी और सिरका मिलाएं. इसे स्लैब पर स्प्रे करें और 5 मिनट बाद साफ कपड़े से पोंछ लें. इससे चिकनाई और बदबू दोनों दूर हो जाती हैं.
आटा या कॉर्नफ्लोर से करें सफाई
यह थोड़ा अलग लेकिन असरदार तरीका है. अगर स्लैब पर ज्यादा तेल जमा हो गया है, तो उस पर थोड़ा आटा या कॉर्नफ्लोर छिड़क दें. यह तेल को सोख लेता है. फिर सूखे कपड़े से पोंछें और बाद में गीले कपड़े से साफ कर लें. इन घरेलू उपायों की मदद से आप बिना केमिकल वाले क्लीनर के भी अपने स्लैब को साफ, चमकदार और बैक्टीरिया-फ्री रख सकते हैं.
ये भी पढ़ें: