पत्तागोभी जिसे बंदगोभी भी कहते हैं. पत्तागोभी (Cabbage) खाने से हमारे शरीर को ढेर सारे लाभ मिलते हैं. पत्तागोभी विटामिन सी, के, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स का बेहतरीन स्रोत है. फाइबर से भरपूर पत्तागोभी पाचन को आसान बनाती है. पत्तागोभी हार्ट के लिए अच्छी मानी जाती है.
पत्तागोभी आंखों के लिए बेहतर मानी जाती है. पत्तागोभी में ऐसे तत्व शामिल होते हैं जो कैंसर को रोकने में सक्षम हो सकते हैं. ऐसे में पत्तागोभी को हर किसी को खाना चाहिए. पत्तागोभी की सिर्फ सब्जी ही नहीं बल्कि कई तरह के व्यंजन बनाए जाते हैं. बंदगोभी के अंदर परतों के बीच कई बार कीड़े या उनके अंडे छिपे होते हैं, जो आसानी से दिखते नहीं हैं. ऐसे में आइए पत्तागोभी को साफ करने के तरीकों के बारे में जानते हैं.
ऐसे जानें पत्तागोभी में कीड़े हैं या नहीं
1. पत्तागोभी में कीड़े हैं या नहीं, इसके लिए बंदगोभी की एक-एक परत खोलकर देखें. आपको मालूम हो कि कीड़े अक्सर पत्तागोभी की परतों और ठंडल के पास होते हैं.
2. यदि पत्तागोभी की पत्तियों में छेद, कुतरे हुए किनारे या काले बिंदु नजर आए तो समझें बंदगोभी में कीड़े हो सकते हैं.
3. पत्तागोभी की पत्तियों की छटाई रोशनी में करें. इसके कीड़े और उनके अंडे आसानी से दिख जाएंगे.
पत्तागोभी को ऐसे करें साफ
1. दिल्ली फूड सेफ्टी विभाग के मुताबिक जिन सब्जियों और फलों को छिलके सहित खाया जाता है, उन्हें खाने से आधा घंटा पहले पानी में भिगो देना चाहिए. इसके बाद अच्छी तरह से धोकर खाना चाहिए. बंदगोभी को गर्म पानी में नमक मिलाकर धोने से कीड़े बाहर निकल जाते हैं.
2. आप पत्तागोभी से कीड़े को भगाने के लिए नींबू, बेकिंग सोडा और पानी के घोल से साफ कर सकते हैं. एक चम्मच नींबू का रस, दो चम्मच बेकिंग सोडा और एक कप पानी मिलाकर घोल तैयार करें. इस घोल को स्प्रे बोतल में भरकर रख लें. इस घोल को स्प्रे बोतल से पत्तागोभी पर छिड़काव करें. इसके बाद 5 से 10 मिनट के लिए पत्तागोभी को ऐसे ही छोड़ दें. ऐसा करने से कीड़े भाग जाएंगे. इसके बाद पत्तागोभी को साफ पानी से धो लें.
3. पत्तागोभी को अच्छी तरह से साफ करने के लिए आप नींबू, सफेद सिरका और पानी के घोल का इस्तेमाल कर सकते हैं. इस घोल को पत्तागोभी पर छिड़क दें फिर कुछ मिनट बाद पानी से बंदगोभी को साफ कर दें.
4. आप पत्तागोभी को सिरका और नमक से भी साफ कर सकते हैं. इसके लिए आपको सिरका और नमक का घोल तैयार करना होगा. फिर इस घोल को पत्तागोभी पर छिड़काव करना होगा. ऐसा करने से बंदगोभी से कीड़े अपने आप भाग जाएंगे.