घर की सजावट करने में कांच की बोतलें और शीशियां काफी ज्यादा इस्तेमाल होती हैं. इनसे न सिर्फ घर को एलिगेंट लुक देती हैं, बल्कि फ्लावर वास, डेकोरेटिव आइटम या स्टोरेज के तौर पर भी बेहद ये काफी उपयोगी होती हैं. लेकिन, समय के साथ इन पर जिद्दी दाग जम जाते हैं, साथ ही इनकी चमक भी फीकी पड़ जाती है. असल में यह समस्या हार्ड वॉटर के कारण होती है. जब भी ये बोतलें हार्ड वॉटर के टच में आती हैं, तो इन पर मिनरल्स की सतह जम जाती हैं और धीरे-धीरे इन्हें धुंधला बना देती हैं.
अक्सर देखा जाता है कि साधारण साबुन और पानी से कांच की बोतलों के ये जिद्दी दाग आसानी से नहीं निकलते, जिससे वे गंदी और पुरानी दिखने लगती हैं. ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय बेहद कारगर साबित हो सकते हैं, जो बिना ज्यादा मेहनत और खर्च के आपकी बोतलों को फिर से चमका सकते हैं.
सिरके और पानी से लौटेगी चमक
सबसे पहले बात करें सफेद सिरके की, जो कांच की सफाई के लिए बेहद प्रभावी माना जाता है. इसके लिए गुनगुने पानी में आधा कप सफेद सिरका मिलाकर बोतलों को करीब 15–20 मिनट तक भिगोकर रखें. इसके बाद ब्रश से हल्का रगड़ें. सिरके का एसिडिक एसिडिक नेचर कांच पर जमे मिनरल्स और दागों को ढीला कर देता है, जिससे वे आसानी से साफ हो जाते हैं और बोतलें फिर से चमकने लगती हैं.
जिद्दी दागों का तोड़ है बेकिंग सोडा-नींबू
अगर दाग ज्यादा पुराने और जिद्दी हैं, तो बेकिंग सोडा और नींबू का इस्तेमाल बेहद फायदेमंद होता है. इन दोनों का पेस्ट बनाकर दाग वाली जगह पर लगाएं और कुछ समय के लिए छोड़ दें. लगभग 10 मिनट बाद स्पंज या ब्रश से हल्के हाथों से साफ करें. यह तरीका जिद्दी दागों को हटाने में काफी असरदार होता है और कांच को नुकसान भी नहीं पहुंचाता.
ऐसे चमकेगी बोतल अंदर से
बोतल के अंदर की सफाई अक्सर सबसे मुश्किल काम होता है, खासकर तब जब हाथ अंदर तक नहीं पहुंच पाता. ऐसे में एक आसान ट्रिक अपनाई जा सकती है. बोतल में थोड़ा कच्चा चावल, नमक और कुछ बूंदें डिश सोप डालें, फिर थोड़ा पानी मिलाकर बोतल को अच्छी तरह हिलाएं. चावल के दाने एक नैचुरल स्क्रबर की तरह काम करते हैं और अंदर जमे दागों को आसानी से साफ कर देते हैं.
इन आसान और घरेलू उपायों को अपनाकर आप अपनी कांच की बोतलों और शीशियों को दोबारा नई जैसी चमक दे सकते हैं. रेगुलर सफाई से न सिर्फ उनकी खूबसूरती बरकरार रहती है, बल्कि उनमें रखी चीजें भी साफ रहती हैं.