हर घर के किचन में आपको एग्जॉस्ट फैन या चिमनी मिल ही जाएगी. खाना बनाते समय निकलने वाला धुआं, भाप और तेल की चिकनाई सबसे पहले इन्हीं पर जमा होती है. धीरे-धीरे इन पर मोटी, चिपचिपी और जिद्दी ग्रीस की परत बन जाती है. हालत ऐसी हो जाती है कि इन्हें हाथ लगाना भी मुश्किल लगता है और तो और गंदगी जमने के बाद ये ठीक से काम भी नहीं करती.
बिना मेहनत के साफ होगा एग्जॉस्ट फैन
अक्सर लोग इसे साफ करवाने के लिए प्रोफेशनल क्लीनर को बुलाते हैं, जिस पर हजार से डेढ़ हजार रुपए तक खर्च हो जाते हैं. लेकिन आप एक आसान घरेलू जुगाड़ से एग्जॉस्ट फैन को कम खर्च में साफ कर सकते हैं. इसमें ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती. सिर्फ कुछ मिनट में जिद्दी चिकनाई ढीली होकर खुद ही निकलने लगती है.
एग्जॉस्ट फैन की सफाई से पहले रखें यह सावधानी
एग्जॉस्ट फैन की सफाई शुरू करने से पहले उसका स्विच ऑफ करें और प्लायर की मदद से तार को सावधानी से डिस्कनेक्ट करें.
इसके बाद स्क्रू खोलकर फैन को सावधानी से उतार लें. फैन को उतारते समय किसी कपड़े या कागज से पकड़ना बेहतर होता है ताकि हाथ गंदे न हों.
ऐसे तैयार करें क्लीनिंग का घोल
सबसे पहले एक बड़ा टब या गहरी बाल्टी लें. इसमें लगभग पौना कप डिटर्जेंट पाउडर या कपड़े धोने का पाउडर डालें. इसके बाद इसमें गर्म पानी डालकर लकड़ी के चम्मच या स्टिक से अच्छी तरह घोल लें.
अब इस घोल में उबलता हुआ गर्म पानी थोड़ा और मिला दें ताकि ग्रीस जल्दी ढीली हो सके. इसके बाद इसमें ड्रेनेक्स मिला दें. यह वही पाउडर है जिसका इस्तेमाल किचन या बाथरूम की जाम नालियां खोलने के लिए किया जाता है.
करीब 50 ग्राम का एक पैकेट लगभग 20 रुपए में आसानी से बाजार में मिल जाता है. इस पाउडर को साबुन के घोल में डालकर लकड़ी की स्टिक से अच्छी तरह मिला दें.
एग्जॉस्ट फैन के बीच में मोटर लगी होती है, इसलिए इसे पूरी तरह पानी में नहीं डुबाना चाहिए. फैन को आधा-आधा करके घोल में डुबोएं. पहले एक साइड को पांच मिनट तक डुबाकर रखें और फिर दूसरी साइड को.
कुछ ही मिनटों में जमी हुई मोटी ग्रीस ढीली होकर निकलने लगती है. यदि जल्दी रिजल्ट चाहिए तो दो-तीन पैकेट ड्रेनेक्स भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं.
करीब पांच मिनट बाद फैन को बाहर निकालकर स्कॉच ब्राइट या किसी स्क्रबर से हल्का सा रगड़ लें. जहां स्क्रबर नहीं पहुंच पाता, वहां पुराने टूथब्रश की मदद से सफाई कर लें.
इसके बाद फैन को साफ पानी से धो लें, लेकिन ध्यान रखें कि मोटर पर पानी न पड़े.
सफाई पूरी होने के बाद एग्जॉस्ट फैन को एक दिन तक तेज धूप में अच्छी तरह सुखाना चाहिए. इससे अगर गलती से मोटर के अंदर थोड़ी नमी चली भी गई हो तो वह पूरी तरह सूख जाएगी. इस आसान तरीके के बाद आपको बाहर से किसी प्रोफेशनल को बुलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
ये भी पढ़ें