UPSC Interview Tips: इंटरव्यू में कहीं आपसे ज्यादा आपके कपड़े न बोलें, ऐसे में किस तरह करें खुद को ड्रेस.. जानें ड्रेसिंग सेंस से लेकर कलर मैचिंग तक

यूपीएससी इंटरव्यू एक बहुत जरूरी इंटरव्यू होता है. ऐसे में इस दौरान आपका पहनावा काफी अहम होता है. खासतौर पर किस तरह के कपड़े पहनें और किस रंग के कपड़े हों. साथ ही कैसी एक्सेसरीज आप पहन सकते हैं.

UPSC Interview Tips
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 06 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:04 PM IST

UPSC सिविस सर्विस एग्जाम का इंटरव्यू राउंड उम्मीदवारों के लिए सबसे महत्वपूर्ण चरणों में से एक होता है. इसे केवल इंटरव्यू नहीं बल्कि पर्सनैलिटी टेस्ट भी कहा जाता है. इस दौरान बोर्ड मेंबर्स सिर्फ आपके जवाब ही नहीं, बल्कि आपकी पर्सनैलिटी, कॉन्फिडेंस, बॉडी लैंग्वेज और ड्रेसिंग सेंस पर भी ध्यान देते हैं. ऐसे में सही कपड़ों का चुनाव करना बेहद जरूरी हो जाता है. अगर आप भी UPSC इंटरव्यू की तैयारी कर रहे हैं, तो जानिए इंटरव्यू के दिन किस तरह की ड्रेस पहननी चाहिए.

आपने अक्सर फोन में रील्स या वीडियो में देखा होगा कि मॉक इंटरव्यू के दौरान किस तरह वहां बैठे टीचर्स बच्चों को बताते हैं कि उन्हें किस तरह से ड्रेस करना है खुद को. तो आज हम भी आपको उन्हीं टिप्स के बारे में बताते हैं.

ड्रेस ऐसी हो जिसमें आप हो कंफर्टेबल
कई कैंडिडेट यह सोचते हैं कि इंटरव्यू में केवल बिजनेस सूट पहनना ही जरूरी है. हालांकि ऐसा बिल्कुल नहीं है. सबसे जरूरी बात यह है कि आप जो भी पहनें, उसमें खुद को कंफर्टेबल महसूस करें. खासकर गर्मियों के मौसम में ऐसा सूट पहनने से बचें जिसमें आप असहज महसूस करें. आपका पहनावा साफ-सुथरा और प्रोफेशनल दिखना चाहिए.

रंगों का चुनाव सोच-समझकर करें
UPSC इंटरव्यू में चमकदार और भड़कीले रंगों के कपड़े पहनने से बचना चाहिए. हल्के और सादे रंग हमेशा बेहतर माने जाते हैं. पुरुष उम्मीदवार सफेद, हल्का नीला, नेवी ब्लू या डार्क ग्रे जैसे रंग चुन सकते हैं. ये रंग न केवल प्रोफेशनल दिखते हैं बल्कि एक गंभीर और बैलेंस्ड पर्सनैलिटी भी दर्शाते हैं.

महिला उम्मीदवार क्या पहन सकती हैं?
महिला उम्मीदवार इंटरव्यू में साड़ी या सलवार-सूट, दोनों में से कोई भी विकल्प चुन सकती हैं. सबसे जरूरी बात यह है कि जिस ड्रेस में आप सहज और आत्मविश्वासी महसूस करें, उसी का चयन करें. केवल दूसरों की सलाह पर साड़ी पहनने का फैसला न करें, खासकर अगर आप उसे संभालने में सहज न हों. यदि साड़ी पहन रही हैं तो वह सिंपल, फॉर्मल और हल्के रंगों की होनी चाहिए.

एक्सेसरीज और हेयरस्टाइल रखें सिंपल
UPSC इंटरव्यू में सादगी सबसे ज्यादा मायने रखती है. महिला उम्मीदवारों को बहुत ज्यादा ज्वेलरी पहनने से बचना चाहिए. वहीं हेयरस्टाइल भी ऐसी होनी चाहिए जो साफ-सुथरी और प्रोफेशनल लगे. पुरुष उम्मीदवारों को भी बाल और दाढ़ी को अच्छी तरह ग्रूम करके जाना चाहिए.

 

Read more!

RECOMMENDED