बारिश का मौसम घूमने-फिरने के लिए तो अच्छा लगता है, लेकिन गाड़ी चलाते समय थोड़ी ज्यादा सावधानी की जरूरत होती है. खासकर अगर आपके पास इलेक्ट्रिक कार (EV) है, तो कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. कई लोगों को लगता है कि बारिश में इलेक्ट्रिक कार चलाना सेफ नहीं होता, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. आज की इलेक्ट्रिक कारें इस तरह से डिजाइन की जाती हैं कि वह पानी से सेफ रहें. फिर भी आपकी छोटी लापरवाही नुकसान की वजह बन सकती है. अगर आपके पास इलेक्ट्रिक कार है, तो बारिश के मौसम में इन बातों का जरूर ध्यान रखें.
बारिश के बाद कई जगह सड़कों पर पानी भर जाता है. ऐसे में गड्ढे दिखाई नहीं देते और गाड़ी को नुकसान पहुंच सकता है. इलेक्ट्रिक कार की बैटरी और मोटर वैसे तो अच्छी तरह सेफ रहती है, लेकिन फिर भी गहरे पानी में गाड़ी चलाने से बचना चाहिए. अगर सड़क पर ज्यादा पानी भरा हो, तो दूसरी सड़क चुननी बेहतर रहेगा. अगर जाना जरूरी हो, तो पहले पानी की गहराई का अंदाजा लगा लें और कोशिश करें कि पानी टायर के आधे हिस्से से ऊपर न जाए.
अगर बारिश हो रही है, तो कोशिश करें कि अपनी इलेक्ट्रिक कार को खुले में लंबे समय तक पार्क न करें. कार को किसी शेड, गैराज या ऐसी जगह खड़ा करें, जहां पानी जमा न होता हो. अगर थोड़ी देर के लिए गाड़ी बाहर खड़ी करनी पड़े तो कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन लंबे समय तक बारिश में छोड़ने से बचें. इससे आपकी कार अच्छी हालत में रहेगी.
बारिश के मौसम में सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं. ऐसे में अच्छे टायर आपकी सेफ्टी के लिए बहुत जरूरी होते हैं. अगर टायर ज्यादा घिस गए हैं, तो उन्हें समय रहते बदलवा लें. अच्छी पकड़ वाले टायर गीली सड़क पर कार को बेहतर तरीके से संभालते हैं और फिसलने का खतरा कम करते हैं. इसलिए बारिश शुरू होने से पहले एक बार टायर जरूर चेक कर लें.
बारिश में तेज रफ्तार से गाड़ी चलाना खतरनाक हो सकता है. गीली सड़क पर अचानक ब्रेक लगाने से कार फिसल सकती है. इसलिए हमेशा धीरे-धीरे ब्रेक लगाएं और आगे चल रही गाड़ी से दूरी बनाए रखें. इससे जरूरत पड़ने पर आपको गाड़ी रोकने के लिए समय मिल जाएगा और हादसे का खतरा भी कम होगा.
बारिश के मौसम में इलेक्ट्रिक कार के साथ-साथ उसके चार्जर का भी ध्यान रखना बहुत जरूरी है. अगर आपका चार्जिंग पॉइंट खुले में है या आप पोर्टेबल चार्जर का इस्तेमाल करते हैं, तो उसे हमेशा पानी से बचाकर रखें. चार्जर या केबल में पानी जाने से शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ सकता है.
बैटरी इलेक्ट्रिक कार का सबसे अहम हिस्सा होती है, इसलिए उसकी जांच करना जरूरी है. यह देखें कि बैटरी के कनेक्टर या वायर कहीं ढीले या खराब तो नहीं हैं. बारिश के मौसम में कई बार चूहे भी वायर काट देते हैं, जिससे परेशानी हो सकती है. अगर बैटरी, वायर या कनेक्टर में कोई खराबी दिखाई दे, तो कार का इस्तेमाल न करें और तुरंत सर्विस सेंटर जाएं.
बारिश के मौसम में कार के अंदर भी सफाई का ध्यान रखना जरूरी है. कई बार गीले जूते, छाता या पानी की बोतल की वजह से केबिन में नमी आ जाती है. ज्यादा नमी से कार के अंदर बदबू आने के साथ-साथ इलेक्ट्रिक सिस्टम पर भी असर पड़ सकता है. इसलिए समय-समय पर केबिन की सफाई करें और उसे सूखा रखें.