घर के नल से अगर पानी रुक-रुक कर आ रहा है या उसका बहाव इतना धीमा हो गया है कि रोजमर्रा के काम भी मुश्किल लगने लगे हैं. खासकर सुबह के वक्त, जब नहाने या बर्तन धोने की जल्दी होती है, तब कम प्रेशर वाला पानी समय की बर्बादी लगने लगता है.
कई लोग इसे बड़ी खराबी समझकर तुरंत प्लंबर बुलाने की सोचते हैं, जबकि हकीकत में ज्यादातर मामलों में यह छोटी-सी तकनीकी दिक्कत होती है, जिसे आप खुद घर पर ही कुछ आसान तरीकों से ठीक कर सकते हैं.
सबसे पहले समझें समस्या क्या है
नल में पानी कम आने के पीछे कई वजह हो सकती हैं. जैसे नल की जाली में जमी गंदगी, पाइप में एयर लॉक, टंकी का कम पानी या फिर मोटर का प्रेशर कम होना. इनमें से ज्यादातर कारण ऐसे हैं जिन्हें आप बिना किसी प्लंबर के खुद ठीक कर सकते हैं.
1. नल का एरेटर साफ करें
नल के मुंह पर लगा छोटा जालीदार हिस्सा (एरेटर) अक्सर गंदगी और कचरे से जाम हो जाता है और इसकी वजह से ये पानी को निकलने से रोकता है. इसे आप घर पर ही खोलकर साफ कर सकते हैं. अगर जरूरत हो तो टूथब्रश से हल्का रगड़ दें. ज्यादातर मामलों में यहीं से समस्या खत्म हो जाती है और नल में प्रेशर से पानी आने लगता है.
2. वॉल्व चेक करें
कई बार सिंक या वॉशबेसिन के नीचे लगा पानी का वॉल्व पूरा खुला नहीं होता. इसे पूरा खोल दें. इससे पानी का प्रेशर तुरंत बढ़ सकता है.
3. पाइप में फंसी हवा निकालें
अगर पाइप में हवा फंस गई है, तो पानी का फ्लो रुक-रुक कर आता है. इसके लिए सभी नलों को 1-2 मिनट के लिए खोल दें. इससे हवा निकल जाती है और पानी का प्रवाह सामान्य हो जाता है.
4. टंकी का लेवल देखें
ओवरहेड टंकी में पानी कम होगा तो प्रेशर भी कम रहेगा. पहले यह सुनिश्चित करें कि टंकी भरी हुई है.
5. शॉवर हेड साफ करें
अगर सिर्फ शॉवर से पानी धीमा आ रहा है, तो वजह शॉवर हेड में जमी गंदगी या चूना हो सकता है. इसके छोटे छेद ब्लॉक होने से पानी का प्रेशर कम हो जाता है. इसे ठीक करने के लिए शॉवर हेड को निकालकर 30 मिनट से 1 घंटे तक सिरके में भिगो दें. इससे जमा मिनरल ढीले हो जाते हैं. बाद में टूथब्रश या सुई से छेद साफ करें, धोकर वापस लगा दें, प्रेशर तुरंत बेहतर होगा.
कब बुलाएं प्लंबर?
अगर ऊपर बताए गए तरीके काम नहीं करते, तो समस्या थोड़ी बड़ी हो सकती है. जैसे पाइपलाइन में लीकेज, मोटर में खराबी या सप्लाई में दिक्कत. ऐसे में प्लंबर की मदद लेना ही सही रहेगा.
ध्यान रखें ये छोटी बातें
नल और पाइप की समय-समय पर सफाई करते रहें.
सस्ती क्वालिटी के फिटिंग्स से बचें और पानी की टंकी को नियमित साफ कराएं.
इससे न सिर्फ पानी का फ्लो अच्छा रहेगा, बल्कि पानी भी साफ मिलेगा.
ये भी पढ़ें: