नींबू के पौधे में नहीं लग रहे फल? ये काम करें...फूल झड़ना बंद होगा और मिलेंगे ढेर सारे रसीले नींबू

नींबू के पौधे को सही समय पर सही खाद देना बेहद जरूरी है. एक संतुलित न्यूट्रीशन प्लान अपनाकर आप न सिर्फ फल गिरना रोक सकते हैं, बल्कि पौधे को रसीले और चमकदार नींबू देने के लिए तैयार कर सकते हैं.

lemon tree
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 10 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:35 PM IST

घर में नींबू का पौधा लगाना आजकल हर किसी का शौक बन गया है, लेकिन अक्सर लोग एक ही शिकायत करते हैं पौधे में फूल तो खूब आते हैं, लेकिन फल बनने से पहले ही झड़ जाते हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो समझ लीजिए कि पौधे को सही पोषण नहीं मिल पा रहा.

नींबू के पौधे को सही समय पर सही खाद देना बेहद जरूरी है. एक संतुलित न्यूट्रीशन प्लान अपनाकर आप न सिर्फ फल गिरना रोक सकते हैं, बल्कि पौधे को रसीले और चमकदार नींबू देने के लिए तैयार कर सकते हैं.

कलियों के समय दें सही न्यूट्रीशन

  • जब पौधे में छोटी-छोटी कलियां निकलने लगें, तभी से उसकी देखभाल शुरू करनी होती है. इस समय माइक्रो-न्यूट्रीएंट्स बेहद जरूरी होते हैं.

  • इसके लिए सीवीड लिक्विड खाद का इस्तेमाल किया जा सकता है. एक लीटर पानी में 3 एमएल सीवीड मिलाकर पौधे की जड़ों में डालें. यह खाद कलियों को मजबूत बनाती है और उन्हें झड़ने से बचाती है. इसे हर 7-8 दिन में एक बार देना फायदेमंद होता है.

अंडे के छिलकों से बनाएं फर्टिलाइजर
कई बार फल बनने से पहले गिरने की वजह कैल्शियम की कमी होती है. इससे नींबू का छिलका कमजोर हो जाता है और फल टिक नहीं पाते.

घर में बचे अंडों के छिलकों को फेंकने के बजाय सुखाकर उनका पाउडर बना लें. महीने में एक बार एक चम्मच यह पाउडर मिट्टी में मिलाएं. इससे मिट्टी की गुणवत्ता सुधरती है और पौधे की जड़ें मजबूत होती हैं.

नीम की खली का ऐसे करें इस्तेमाल

  • जब पौधे में छोटे-छोटे नींबू आने लगते हैं, तब कीट और फंगस का खतरा बढ़ जाता है. इस समय नीम की खली का इस्तेमाल बहुत कारगर होता है.

  • एक चम्मच नीम खली पाउडर को एक लीटर पानी में मिलाकर रातभर छोड़ दें और अगले दिन इसे मिट्टी में डाल दें. यह उपाय 20-25 दिन में एक बार करना पर्याप्त है. इससे जड़ें स्वस्थ रहती हैं और पौधा सुरक्षित रहता है.

बड़े नींबू के लिए जरूरी है फास्फोरस

  • अगर आप चाहते हैं कि आपके नींबू बड़े और रस से भरे हों, तो फास्फोरस बेहद जरूरी है. इसके लिए सिंगल सुपर फास्फेट (SSP) का इस्तेमाल किया जा सकता है.

  • महीने में एक बार एक से डेढ़ चम्मच SSP जड़ों के आसपास डालें. यह जड़ों के विकास को बढ़ाता है और फलों को भरपूर रसदार बनाता है.

  • एक आम गलती जो लोग करते हैं, वह है सभी खादों को एक साथ डाल देना. पौधों को भी पोषण पचाने के लिए समय चाहिए होता है.

  • इसलिए अलग-अलग खाद के बीच कम से कम एक हफ्ते का अंतर रखें. इससे हर पोषक तत्व का पूरा फायदा मिलता है.

इन छोटी बातों का रखें ध्यान

  • खाद डालने से पहले मिट्टी की हल्की गुड़ाई करें

  • इससे जड़ों तक ऑक्सीजन पहुंचती है

  • तेज धूप या दोपहर में कभी खाद न डालें

  • सुबह या शाम का समय सबसे सही होता है

  • समय-समय पर पानी देना न भूलें

ये भी पढ़ें

 

    Read more!

    RECOMMENDED