Advertisement

बाजार वाली अदरक भूल जाइए! गमले में ऐसे उगाएं ताजी अदरक, 5-6 महीने में घर बैठे तैयार होगी शानदार फसल

घर के गमले में भी आसानी से ताजा अदरक उगाई जा सकती है. जानें सही गमला, मिट्टी, पानी और देखभाल का तरीका, साथ ही कब करें अदरक की हार्वेस्ट.

how to grow ginger
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 29 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 12:08 PM IST

अदरक भारतीय रसोई का एक जरूरी हिस्सा है. चाय से लेकर सब्जी और कई तरह के व्यंजनों में इसका इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि, बाजार से अदरक खरीदने के बजाय आप इसे घर के गमले में भी आसानी से उगा सकते हैं? इसके लिए बस आपको सही गमला, अच्छी मिट्टी और थोड़ी देखभाल की जरूरत होगी. तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर आप घर पर अदरक कैसे उगा सकते हैं.

सही अदरक का टुकड़ा चुनें
अदरक उगाने के लिए सबसे पहले एक स्वस्थ और ताजा अदरक का टुकड़ा लें. ध्यान रखें कि उसमें छोटी-छोटी कलियां यानी आंखें मौजूद हों. अगर आपके पास सूखा अदरक का टुकड़ा है तो उसे करीब 3 घंटे पानी में भिगोकर लगाने की तैयारी कर सकते हैं.

बड़ा और छेद वाला गमला लें
अदरक की गांठ मिट्टी के अंदर नीचे जाने के बजाय चारों तरफ फैलती है. इसलिए कम से कम 15 इंच चौड़ा गमला चुनें. गमले के नीचे पानी निकलने के लिए पर्याप्त छेद जरूर होने चाहिए. इससे मिट्टी में पानी जमा नहीं होगा और जड़ें खराब होने से बचेंगी.

मिट्टी को उपजाऊ बनाएं
अदरक के लिए ऐसी मिट्टी इस्तेमाल करें जो नरम और पानी की अच्छी निकासी वाली हो. मिट्टी में अच्छी मात्रा में कंपोस्ट या जैविक खाद मिलाएं. इससे पौधे को जरूरी पोषक तत्व मिलेंगे और अदरक की गांठों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी.

अदरक लगाकर सही जगह रखें
अदरक के टुकड़े को मिट्टी में हल्का दबाकर लगाएं और ऊपर से मिट्टी की पतली परत डालें. इसके बाद गमले को ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त धूप मिले या हल्की बाहरी छांव हो. आमतौर पर नई लगाई गई अदरक को अंकुर निकलने में 2 से 4 हफ्ते लग सकते हैं.

पानी देते समय रखें ध्यान
पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए नियमित पानी देना जरूरी है. पानी देते समय गमले की पूरी मिट्टी को हल्का नम रखें, लेकिन उसमें पानी जमा न होने दें. जरूरत से ज्यादा पानी अदरक की गांठ को नुकसान पहुंचा सकता है.

5 से 6 महीने में कर सकते हैं हार्वेस्ट
अदरक को तैयार होने में करीब 5 से 6 महीने लग सकते हैं. जब पौधा अच्छी तरह विकसित हो जाए तो ऊपर की मिट्टी को धीरे-धीरे हटाकर अदरक की गांठ निकालें. पूरी गांठ निकालने के बजाय जरूरत के मुताबिक हिस्सा निकालकर बाकी अदरक को मिट्टी में छोड़ सकते हैं. इससे पौधा आगे भी बढ़ता रहेगा.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement