Aata Guthne ka Tarika: फूली-मुलायम रोटी का राज आटा गूंथने के तरीके में छुपा होता है. यदि आप से फूली-मुलायम और सफेद रोटी नहीं बन रही है तो परेशान न हों. हम आपको पानी की जगह दूध से आटा गूंथने का आसान तरीका बता रहे हैं. आप इससे आटा गूंथेगी तो रोटियां मुलायम और फूली-फूली बनेंगी. इसके साथ ही चपाती स्वादिष्ट और पौष्टिक भी होगी. हम आपको इस खबर में पानी से भी कैसे आटा अच्छी तरह से गूंथते हैं, उसके बारे में भी बताएंगे.
दूध से ऐसे गूंथे आटा
दूध से आटा को गूंथने का आइए तरीका जानते हैं. सबसे पहले आपको गेहूं का आटा लेना होगा. इसके बाद दूध की जरूरत पड़ेगी. एक मिक्सिंग बाउल या परात में आटा डाल दें. इसके बाद दूध को धीरे-धीरे आटे में मिलाते हुए इसे मसल-मसल कर गूंथें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा गीला न हो. इसे पांच मिनट तक मसलते हुए गूंथें. ऐसा करने से रोटियां मुलायम और फूली-फूली बनती हैं.
आटा को दोनों हाथों से गूंथने से यह जल्दी और बेहतर तरीके से तैयार होता है. दूध से आटा गूंथने के बाद तुरंत रोटी बनानी शुरू न कर दें बल्कि कुछ देर तक गूंथे आटे को ढक कर छोड़ दें. इसके बाद रोटी बनाएं. एकदम फूली-फूली और नरम रोटी बनेगी. दूध वाले आटे से बनी रोटियां बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आएंगी. उनकी सेहत के लिए भी अच्छी होंगी. बच्चे अक्सर दूध पीने से बचते हैं. ऐसे में दूध को आटे में मिलाकर रोटियां बनाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है
पानी से आटा गूंथने की सही तरीका क्या
गेहूं के आटे को पानी से गूंथने की अब आइए सही प्रक्रिया जानते हैं. पानी को आटा में धीरे-धीरे मिलाएं ताकि आटा बहुत अधिक गीला न हो. कुछ लोग आटे के बीच में खाली जगह बनाकर एकसाथ पानी डाल देते हैं, जो सही नहीं है. इससे आटा ज्यादा गीला हो सकता है. पानी को हमेशा हाथ की अंजुलि में लेकर ही डालते जाएं. इसके बाद आटा गूंथें.
आटा गूंथने के दौरान बीच-बीच में जब भी पानी डालने की जरूरत हो तो हाथों से पानी मिलाते जाएं. आटा गूंथने के दौरान जब ठीक तरह से गीला हो जाए तो हाथों की मुट्ठियां बांधकर उंगलियों के ज्वाइंट से आटा मसलें. ये प्रक्रिया लगभग 5-6 मिनट तक करें. इसके बाद आटे में आधा चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह से मिक्स करें. अब इस आटा को एक मिनट तक और गूंथें. आटा गूंथने के बाद इसे 5 से 10 मिनट के लिए रेस्ट पर रखना अनिवार्य है. सही तरीके से गूंथा गया आटा न केवल रोटियों को मुलायम बनाता है बल्कि उन्हें अच्छी तरह फूलने में भी मदद करता है.