सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे जुगाड़ वाले वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान भी होते हैं. हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो चर्चा में है, जिसमें रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले पुराने टूथब्रश को एक स्मार्ट सफाई टूल में बदलने का तरीका दिखाया गया है. आमतौर पर जब टूथब्रश घिस जाता है तो लोग उसे बेकार समझकर फेंक देते हैं, लेकिन अगर थोड़ा सा दिमाग लगाया जाए तो यही ब्रश घर की सफाई में बेहद काम का साबित हो सकता है.
अक्सर लोग पुराने टूथब्रश का इस्तेमाल टाइल्स के कोनों, गैस स्टोव के आसपास जमी चिकनाई या सिंक के छोटे हिस्सों की सफाई के लिए करते हैं. इसकी पतली बनावट और सख्त ब्रिसल्स उन जगहों तक आसानी से पहुंच जाते हैं, जहां हाथ या कपड़ा नहीं पहुंच पाता. लेकिन वायरल वीडियो में दिखाया गया जुगाड़ इस ब्रश को और भी ज्यादा उपयोगी बना देता है.
गर्म करके दें ब्रश को नया आकार
इस जुगाड़ के लिए सबसे पहले पुराने टूथब्रश को अच्छी तरह धोकर सुखा लेना जरूरी है, ताकि उस पर लगी गंदगी पूरी तरह साफ हो जाए. इसके बाद ब्रश के पीछे वाले प्लास्टिक हिस्से को हल्की आंच के पास कुछ सेकंड तक रखें. ध्यान रहे कि आंच तेज न हो, वरना प्लास्टिक जल सकता है. जैसे ही प्लास्टिक थोड़ा नरम हो जाए, उसे सावधानी से 'यू' आकार में मोड़ लें. ठंडा होने के बाद यह उसी शेप में सख्त हो जाएगा.
तंग जगहों की सफाई होगी आसान
यू आकार में बदला गया यह टूथब्रश खासतौर पर उन जगहों की सफाई के लिए बेहद फायदेमंद है, जहां पहुंचना मुश्किल होता है. मिक्सी के जार के नीचे वाला हिस्सा, जहां अक्सर मसाले और जूस के दाग जम जाते हैं, वहां यह ब्रश आसानी से काम करता है. इसके अलावा गैस बर्नर के नीचे, फ्रिज की रबर सील, वॉशिंग मशीन के कोने और खिड़की की रेलिंग जैसी संकरी जगहों में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.
कचरे में फेंकने से बेहतर है दोबारा इस्तेमाल
इस तरह पुराना टूथब्रश बेकार नहीं जाता, बल्कि एक उपयोगी घरेलू टूल बन जाता है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गए इस वीडियो को अब तक कई लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है. यह जुगाड़ न सिर्फ पैसे बचाने वाला है, बल्कि पर्यावरण के लिहाज से भी एक अच्छा कदम माना जा सकता है.