Advertisement

Kids Friendly Moringa Recipe: मोरिंगा से बनाएं ये टेस्टी रेसिपी, जो बच्चे नहीं खाते वह भी उंगलियों को चाट कर खाएंगे ये डिश

सहजन देखकर नखरे करने वाले बच्चों के लिए रोज की सब्जी से अलग बनाएं यह चटपटी मोरिंगा डिश. यह रेसिपी बच्चे उंगलियां चाटकर खाएंगे ही साथ ही जिन्हें मोरिंगा पसंद नहीं वह भी नखरे नहीं दिखाएंगे.

मोरिंगा से बनी बच्चों की पसंदीदा डिश
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 29 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 11:14 AM IST

मोरिंगा यानी सहजन की सब्जी बच्चों को बिल्कुल पसंद नहीं आती. प्लेट में देखते ही बच्चे इसे खाने से मना करने लगते हैं. इसकी वजह से घर में मोरिंगा बनाना भी कई बार मुश्किल हो जाता है. लेकिन अगर इसे रोज की सब्जी की तरह बनाने के बजाय थोड़ा चटपटा ट्विस्ट दिया जाए, तो इसका स्वाद काफी अलग लग सकता है. अगर आपके घर में भी बच्चे मोरिंगा खाने में नखरे करते हैं, तो इस आसान तरीके से इसे बनाकर देख सकते हैं. इसमें किसी खास चीज की जरूरत नहीं है. घर में आसानी से मिलने वाले कुछ मसालों से ही मोरिंगा को चटपटा बनाया जा सकता है. इसे बच्चे तो पसंद करते ही हैं, बड़े भी स्वाद लेकर खाते हैं.

सबसे पहले मोरिंगा को करें तैयार
रेसिपी शुरू करने के लिए सबसे पहले मोरिंगा लें और उसे अच्छे से धो लें. इसके बाद इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. टुकड़े बहुत बड़े न रखें, ताकि आगे इसे तैयार करना आसान रहे. अब एक बर्तन में पानी लें और उसमें अच्छे से नमक डालें. कटे हुए मोरिंगा के टुकड़ों को इसी नमक वाले पानी में डालकर करीब आधे घंटे के लिए छोड़ दें. इससे मोरिंगा आगे पकाने के लिए तैयार हो जाएगा.

नमक वाले पानी में ही करें बॉयल
आधे घंटे बाद मोरिंगा को उसी नमक वाले पानी में करीब 25 मिनट तक बॉयल कर लें. इसे अच्छी तरह उबालना जरूरी है, ताकि मोरिंगा नरम हो जाए और इसमें मसाले आसानी से मिल सकें.

जब मोरिंगा बॉयल हो जाए, तो इसे पानी से छानकर निकाल लें. अब इसमें चटपटे मसाले डालने की बारी है.

इन मसालों से आएगा चटपटा स्वाद
बॉयल किए हुए मोरिंगा में सबसे पहले काला नमक डालें. इसके बाद चाट मसाला, अमचूर पाउडर और लाल मिर्च डालें. इसमें थोड़ा सा गरम मसाला भी मिला दें. आखिर में स्वाद के हिसाब से सादा नमक डालें. अगर आपको नींबू का खट्टा-चटपटा स्वाद पसंद है, तो इसमें थोड़ा नींबू भी निचोड़ सकते हैं. अब सभी मसालों को मोरिंगा के साथ अच्छे से मिला लें, ताकि मसालों का स्वाद हर टुकड़े में आ जाए. फिर ऊपर थोड़ा धनिया की पत्तियों को बारीक काटकर डालें.

बस, इतने आसान तरीके से मोरिंगा की यह चटपटी डिश तैयार हो जाएगी. रोज की सब्जी से अलग इसका स्वाद बच्चों को भी पसंद आ सकता है. ऐसे में जो बच्चे मोरिंगा खाने से दूर भागते हैं, वे भी इसे चटपटे अंदाज में उंगली चाटकर खा सकते हैं. बड़े भी इसे मजे से खाएंगे.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement